रोहतक। महम थाना के अंतर्गत गांव भैणी भैरव में एक युवक पर अज्ञात युवकों ने फायर कर दिया। संयोग से गोली युवक के पास से गुजर गई। बाद में गोली की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर वहां से फरार हो गए। महम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार बीती रात गांव भैणी भैरव निवासी भूपेंद्र पुत्र दलबीर सिंह गली से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से दो युवक आए और भूपेंद्र पर गोली चला दी। गोली भूपेंद्र के पास से गुजर गई। गोली की आवाज सुनकर भूपेंद्र पीछे मुड़ा तो उसने दोे युवकों को देखा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों को आता देख हमलावर भाग खड़े हुए। भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। पुलिस का मानना है कि हमलावर गांव के हो सकते हैं। महम पुलिस ने भूपेंद्र के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। डीएसपी ने भी गांव जाकर इस संबंध में जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
सांपला बाईपास पर कार सवारों में चली गोलियां
रोहतक। सांपला बाईपास के जलघर के पास देर रात कार सवारों के बीच फायरिंग हुई। गोली की आवाज सुनकर राहगीर उस ओर पहुंचे लोगों को आता देख कार सवार युवक वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में जांच पड़ताल की। पुलिस को मौके से गोलियों के दो खाली खोल मिले हैं। आरोपियों के संबंध में सुराग लगाने के लिए पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर वाहनों की जांच पड़ताल की, परंतु इस बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।