रोहतक। हरियाणा की माटी, समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं की महक बुधवार को एमडीयू के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट (आईएचटीएम) में नजर आई। यहां दो दिवसीय वैल्यू एडिड कार्यशाला में हरियाणवी थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। एमडीयू के दौरे पर आई नैक पीयर टीम व विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भी कार्यशाला में प्रदर्शनी हरियाणवी खाने का लुत्फ उठाया।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि हरियाणवी पारंपरिक जीवन शैली को इस कार्यक्रम के जरिए शानदार ढंग से प्रस्तुत किया गया है। नैक पीयर टीम के अध्यक्ष यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद के जनसंचार विभाग के प्रोफेसर व तमिलनाडू केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बीपी संजय ने कहा कि दिस फेस्ट इज रॉकिंग। नैक पीयर टीम के समन्वयक प्रो. दान व प्रो. शिवापुल्लया ने भी फेस्ट को खूब सराहा। टीम की महिला सदस्य प्रो. मायाश्री, प्रो. दक्षा प्रताप सिंह व प्रो. जोकाइंथलुगी ने जमकर हरियाणवी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं का जाना।
निदेशक आईएचटीएम प्रो. आशीष दहिया ने कहा कि कार्यक्रम के जरिए प्रदेश की संस्कृति नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी ले. जनरल राज कादयान, वाईएमसीए के यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी फरीदाबाद के कुलपति प्रो. दिनेश अग्रवाल बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एके राजन, रजिस्ट्रार प्रो. गुलशन तनेजा समेत अन्य अधिकारी, प्राध्यापक, विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हरियाणवी थीम पर हुआ लंच में
दोपहर के भोजन में चूरमा, बाजरे की खिचड़ी, आलू की तरी वाली सब्जी, सुहाली, पूड़े, लस्सी, खीर, कढ़ी-पकौड़ा समेत कई स्वादिष्ट पकवान शामिल रहे।