----
वाहनों की नंबर प्लेट नहीं पढ़ पाते ढाई करोड़ के सीसीटीवी कैमरे
-किला रोड व रेलवे रोड पर कई दिन से खराब पड़े कैमरे
: निगम के अधिकारियों ने माना, रेलवे रोड पर कैमरे में दिक्कत
: पुलिस बोली, मौसम की वजह से आती है कैमरों में दिक्कत
: कई वारदात खोलने में मिली कैमरों की मदद
: शहर में 23 स्थानों पर लगे थे 90 कैमरे
महबूब अली
रोहतक। शहर में ढाई करोड़ खर्च करके लगाए गए सीसीटीवी कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट नहीं पढ़ पा रहे हैं। इसके चलते पुलिस को उन अपराधियों को पकड़ने में दिक्कत आ रही है, जो नकाब डालकर या चारपहिया वाहन में सवार होकर भागते हैं। यहां तक किला रोड व रेलवे रोड के सीसीटीवी कैमरे तो 10 दिन से खराब पड़े हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जल्द कैमरों को ठीक करवा दिया जाएगा।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए नगर निगम ने शहर के 23 स्थानों पर ढाई करोड़ की लागत से 90 सीसीटीवी लगाए थे। इसका कंट्रोल रूम एसपी कार्यालय के अंदर बनाया गया था। जहां से पूरे शहर की निगरानी की जाती है। मगर लगाए गए सीसीटीवी वारदातों के खुलासे में भी कारगर साबित नहीं हो रहे है। व्यापारियों का आरोप है कि वारदात के समय जहां रेलवे स्टेशन और किला रोड पर लगा सीसीटीवी कैमरा पिछले कई दिन से खराब पड़ा हुआ है। यही कारण है कि प्रॉपर्टी डीलर बलदेव राज बब्बर से दो स्कूटी सवारों ने लूट का प्रयास किया था। आरोपी कैमरे में कैद हो गए थे मगर तसवीर स्पष्ट न आने के कारण आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ सकी थी। हर बार ऐसा होता है कि आरोपी सीसीटीवी कैमरे में तो कैद हो जाते हैं मगर वाहनों की नंबर प्लेट के क्लीयर न होने के कारण पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाती है।
बीस से अधिक वारदातों के खुलासे का दावा
पिछले डेढ़ साल में पुलिस ने बीस से अधिक वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि सिर्फ रेलवे रोड पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब पड़ा है। जिसे जल्द ही सही करा दिया जाएगा। उधर पुलिस का मानना है कि बारिश या फिर आंधी के दौरान जरूर सीसीटीवी खराब हो जाते हैं, अन्य दिनों कैमरे चलते रहते हैं। इसको लेकर व्यापारियों में भी विभाग के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
---
सिर्फ रेलवे रोड पर ही लगाए गए सीसीटीवी खराब है। जल्द ही सीसीटीवी को सही करा दिया जाएगा। इसके अलावा जल्द ही शहर के 20 से अधिक स्थानों पर नये सीसीटीवी लगवाए जायेंगे। इस पर विचार विमर्श चल रहा है। शहर के लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-केके वार्ष्णेय, डीटीपी नगर निगम
---
सहकारिता मंत्री ने यह किया था दावा
कैमरे लगने से पहले सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने दावा किया था कि पहली सरकार है, जो जिले में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य कर रही है। 7 से 8 मीटर ऊंचाई तक लगने वाले इन कैमरों में रात और दिन में सब कुछ साफ दिखाई देगा। इनके लगने के बाद आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
---
शहर में यहां लगाये गये हैं कैमरे
आंबेडकर चौक, सुखपुरा चौक, न्यू बस स्टैंड, गोहाना अड्डा, शीला बाईपास चौक, कोर्ट कॉम्पलेक्स, सोनीपत स्टैंड, डी-पार्क मेन चौक, माता दरवाजा चौक, भिवानी स्टैंड चौक, दिल्ली बाईपास चौक, पुराना बस अड्डा भिवानी टी प्वाइंट, किला रोड एंट्री, दुर्गा भवन चौक, अग्रसेन चौक, नया बस अड्डा, अशोका टी प्वाइंट, झज्जर चुंगी चौक, कच्चा बेरी रोड चौक, शौरी मार्केट, वैश्य कॉलेज, पावर हाउस, मेडिकल मोड़।
-----
200 मीटर दूर खड़े वाहन की नंबर प्लेट स्कैन होने का किया था दावा
कैमरों को लगाने वाली कंपनी ने बताया था कि कैमरे की कैचिंग पावर 800 मीटर होगी, लेकिन फोरेेंसिक एंगल से 200 मीटर ही होगी। यानि कि जो भी वाहन दो सौ मीटर के दायरे में होगा, उसकी नंबर प्लेट भी स्कैन की जा सकेगी। एक वर्ष तक उनकी कंपनी मेंटिनेंस का कार्य भी देखेगी। किसी भी कैमरे में आने वाले फाल्ट को ठीक करने के लिए इंजीनियर्स तुरंत मौजूद रहेंगे। मगर स्थिति यह है कि 100 मीटर की दूरी पर भी बदमाशों की वाहनों की नंबर प्लेट सही ढंग से नहीं पढ़ा जाता है। हर बार बदमाशों का चेहरा तो कैमरे में कैद हो जाता है मगर वाहन की नंबर प्लेट के साफ दिखाई न देने के कारण बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाती है।
---
यह वारदातें हुई मगर पुलिस नहीं कर सकी खुलासा
-रेलवे रोड के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर बलराज से स्कूटी सवारों ने किया लूट का प्रयास, आरोपी सीसीटीवी में कैद मगर फिर भी पकड़ से बाहर
-सोनीपत रोड पर महिला से स्नैचिंग करने वाला बाइक सवार सीसीटीवी में कैद, फिर भी पकड़ से बाहर
-रेलवे रोड पर सहगल ज्वेलर के यहां पर पिस्तौल के बल पर लूट, खुलासा नहीं
-पीपी ज्वेलर के यहां से महिलाओं ने करीब चार लाख के आभूषण ठगे, सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद खुलासा नहीं
-रेलवे रोड पर व्यापारी मनोज से स्नेचिंग, खुलासा नहीं
---
इन घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा
सीसीटीवी के माध्यम से पुलिस ने दस दिन पूर्व ही महिला से स्नेचिंग करने वाले रोहतक के दो युवकों को दबोचा
-बस स्टैंड के पास लूटपाट करने वाले सोनीपत के युवक को गिरफ्तार किया
-झज्जर चुंगी पर व्यापारी को हमला करने वाले आरोपी को पकड़ा
----------
बार बार मांग के बावजूद खराब पड़े सीसीटीवी को सही नहीं कराया जा रहा है।
-हेमंत बख्शी, प्रदेश अध्यक्ष हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान ट्रस्ट
---
पिछले काफी समय से रेलवे रोड पर लगा सीसीटीवी खराब पड़ा है। लगता है पुलिस किसी बड़ी वारदात के होने का इंतजार कर रही है। यदि जल्द ही सीसीटीवी सही नहीं कराए तो ज्वेलर आंदोलन करेंगे।
-संजय कुमार, व्यापारी
---
सीसीटीवी सिर्फ सफेद हाथी ही साबित हो रहे हैं। कैद होने के बावजूद बदमाशों की नंबर प्लेट साफ दिखाई नहीं देती है। इस कारण सीसीटीवी के लगे होने या फिर न होने से कोई फर्क नहीं पड़ता है
- संजय वर्मा व्यापारी
----
व्यापारियों की सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम को उच्च क्वालिटी के कैमरे लगवाने चाहिए। इस संबंध में जल्द ही डीसी से भी मिला जाएगा
-राकेश वर्मा, व्यापारी