छात्राओं को सभी जिलों में छात्रावास, परिवहन विभाग देगा नि:शुल्क पास
परिवहन मंत्री ने डॉ. आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
छात्राओं को शिक्षित करने के लिए अब सरकार छात्राओं का पास बनाएगी। जिसके माध्यम से छात्राएं किसी भी बस में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। साथ ही सभी जिलों में डॉ. भीमराम आंबेडकर छात्रावास बनाए जाएंगे। उक्त बातें शनिवार को रोहतक के शिव पंजाबी धर्मशाला में डॉ. आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहीं।
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार दलितों के बच्चों को शिक्षा दिलाने के प्रति कटिबद्घ है। हाल ही में सरकार ने एक सर्वे कराया था। जिसमें पता चला है कि हरियाणा के विभिन्न स्थानों के 3 लाख परिवारों के पास मकान नहीं है। जल्द ही ऐसे लोगों को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व डॉ. भीमराम आंबेडकर आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा हर जिले में डॉ. भीमराव आंबेड़कर छात्रावास बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कई बार रुपयों के अभाव में छात्राएं पढ़ाई ही पूरी नहीं कर पाती हैं। इसके लिए जहां छात्राओं का बस पास बनाया जाएगा। ताकि छात्राएं बसों में नि:शुल्क यात्रा कर स्कूल तक जा सके। देहात क्षेत्र में जल्द ही नई बसों को चलवाया जाएगा। छात्र एवं छात्राओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
--
एससी कमीशन के लिए नोटिफिकेशन किया जा चुका जारी
मंत्री ने कहा कि एससी कमीशन की मांग पिछले काफी समय से चली आ रही है। एससी कमीशन के लिए सीएम ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बहुत जल्द ही एससी कमीशन को लागू करा दिया जाएगा। इसके अलावा एससीएसटी के कानून को लेकर सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपनी बात रखेगी।
---
ओलंपिक में गोल्ड जीता तो मिलेगी छह करोड़ की राशि
मंत्री ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर भी प्लानिंग कर रही है। अब यदि कोई ओलंपिक में गोल्ड जीतता है तो उसे सरकार छह करोड़ की राशि देगी। डी ग्रुप की भर्ती में दस प्रतिशत कोटा खिलाड़ियों का होगा। इसके अलावा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन में भी तीन प्रतिशत आरक्षण खिलाड़ियों के लिए होगा।
---
सभी जेलों में जल्द लगेंगे जैमर
जेलों में आए दिन मोबाइल चलने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश की सभी जेलों में जैमर लगा दिया जाएगा। इसका कार्य चल रहा है। इसके अलावा जेलों में बंदियों से मारपीट के सवाल पर कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि बंदी शिकायत करते हैं तो जांच कराकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रोडवेज के बेडे में 500 निजी बसों के संचालन के सवाल पर कहा कि इससे यात्रियों से लेकर रोडवेज विभाग को भी फायदा होगा। एससीएसटी के सवाल पर कहा कि केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी।
---
दलितों को बैंकों से मिलेगा 15 करोड़ तक का लोन
मंत्री ने कहा कि दलितों को पढ़ाई के लिए बैंकों से 15 लाख से लेकर 15 करोड़ तक का लोन दिलाया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में दलितों को आगे बढ़ाने के लिए ही यह निर्णय लिया गया है।