वित्तीय गड़बड़ी के चलते वैश्य कॉलेज प्राचार्य आरके गुप्ता निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
वैश्य संस्था में सोमवार को हुई गवर्निंग बॉडी की बैठक में बड़ी उठा पटक मची। यहां वैश्य कॉलेज प्राचार्य आरके गुप्ता पर वित्तीय अनियमितताएं बरतने के आरोप लगे। इसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया। इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य पद की जिम्मेदारी आरए भारद्वाज को दी गई है।
सोमवार को वैश्य कालेज में गवर्निंग बॉडी की बैठक हुई। यहां संस्था में करोड़ों रुपये के गबन के मामले पर जोरदार बहस हुई। इस मामले में तत्कालीन प्रधान पर भी अंगुलियां उठी थीं। प्राचार्य के खिलाफ अभिभावकों व स्टाफ की ओर से शिकायतें भी मिल रही थी। यही नहीं गबन के इस मामले में एक ट्रेनी आईएएस अधिकारी ने एफआईआर के आदेश दिए थे। बाद में एफआईआर रोक दी गई। अब उसी मामले को ढाल बना कर प्राचार्य को निलंबित किया गया है। इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर गवर्निंग बॉडी अगली कार्रवाई करेगी।
वैश्य शिक्षण संस्था केप्रधान विकास गोयल ने बताया कि प्राचार्य पर वित्तीय अनियमितताएं बरतने के आरोप हैं। इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जांच प्रभावित ना हो, इसके लिए उन्हें निलंबित किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।