नई अनाज मंडी में मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
सांपला।
गणतंत्र दिवस समारोह उपमंडल सांपला की नई अनाज मंडी में मनाया जाएगा। इस समारोह के लिए एसडीएम तरुण पावरिया के निर्देश पर सोमवार को तहसीलदार सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई।
तहसीलदार ने बताया कि गणतंत्र दिवस की परेड में पुलिस, एनसीसी, स्काउट की प्लाटूनें भाग लेंगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक नीतियों को दर्शाने वाली झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। समारोह पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी स्कूलों से संपर्क स्थापित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां करवाएं।
उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को स्कूलों की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल होगी। साथ ही महिला एवं बाल विकास, रक्तदान जागृति मंच स्वास्थ्य विभाग, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा स्वच्छता अभियान को लेकर झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। उन्होंने नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में झंडे लगाने के साथ-साथ तोरण द्वार भी बनवाएं। इस अवसर पर शिक्षा विभाग से कृष्णा फोगाट सहित उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।