मंदिर के लंगर हाल का निर्माण कार्य करते हुए निकली पानी की धारा, सात फुट नीचे प्रकट हुआ प्राचीन कुआं
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/बिलासपुर। कपाल मोचन स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर डेरा बाबा लाल दास के लंगर हाल में निर्माण कार्य करते हुए अचानक पानी की धारा निकलने से भारी संख्या में मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया है। गुरु रविदास मंदिर डेरा बाबा लालदास कपालमोचन में खुदाई करते समय जमीन के सात फीट नीचे से एक प्राचीन कुंआ प्रकट हुआ। इसकी सफाई करने से उससे स्वच्छ निर्मल और ठंडा जल निकलना शुरू हो गया।
मंदिर के महंत बाबा निर्मल दास जी महाराज, अमरनाथ ज्ञासड़ा, मा. रमेश चंद, रोहित सैनी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने कुएं पर पूजन किया। बाबा निर्मल दास ने बताया कि 1918 में कपालमोचन में इसी स्थान पर बाबा लालदास कुटिया में रहते थे। उस समय यहां पर यह कुआं अपने पूर्ण स्वरूप में हुआ करता था। कुएं के समीप कपालमोचन से कई गांवों में जाने के लिए एकमात्र कच्चा रास्ता हुआ करता था। राहगीर और आसपास के गांवों के लोग इसी कुटिया से पानी पिया करते थे। कुछ वर्षो के बाद बाढ़ आदि में कुआं बंद हो गया और धीरे-धीरे इस स्थान पर गुरु रविदास जी महाराज का मंदिर बन गया।
ऐसे सामने आया कुआं
कुछ रोज पहले जैसे ही गुरु रविदास मंदिर में लंगर हाल निर्माण के लिए बनाए जाने वाले पिलर की खुदाई की जा रही थी तो जमीन में करीब सात फीट खुदाई पर राख और चूना दिखाई दिया। कुछ और खुदाई करने पर कुआं सामने आया। कुएं की खुदाई कर इसे साफ किया गया तो इसमें से शुद्ध जल प्रवाहित होने लगा और देेखते ही देखते जल ऊपर की ओर आने लगा। महंत के अनुसार इस समय कुई में जल लगभग 42 फिट नीचे है। कुएं का जल शुद्ध मीठा है।
सरस्वती नदी जैसा शुद्ध है कुएं का जल
समाज सेवक समय सिंह अलाहर ने बताया कि कपालमोचन के समीप ही सरस्वती नदी स्थित है। सरस्वती का जल और कुएं का जल एक समान प्रतीत होता है। लोग बताते है कि इस कुएं पर भी लोग कई बीमारियों से छुटकारा पाने के लिए स्नान करते थे। इसका जल पीते थे। आस पास के क्षेत्र के लोगों को जैसे ही इस बात की खबर मिली तो लोगों का कुएं को देखने और बोतलों में पानी भरकर ले जाने के लिए तांता लगना शुरू हो गया।
दो जुलाई को सांसद सैनी करेंगे उद्घाटन
समय सिंह अलाहर ने बताया कि कुरुक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी दो जुलाई को कपालमोचन गुरु रविदास मंदिर में पहुंचकर कुएं पर पूजन कर कुए के जीर्णोद्धार के लिए उद्घाटन भी करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहेंगे।
फोटो : 27