रोहतक। कारोर गांव में 23 साल से चल रही दुश्मनी ने 9 साल के बच्चे को 19 साल की उम्र में गैंगस्टर बना दिया। पिता व चाचा की हत्या का बदला लेने के लिए पूर्व सरपंच श्रीभगवान के बेटे जतिन ने इसी साल दिवाली के दिन 12 नवंबर को गांव के युवक मोहित की हत्या कर दी जबकि गांव का युवक नीरज व विकास उर्फ बग्गा बच गए। अब भी दोनों युवक छाजू गैंग के निशाने पर हैं। पुलिस ने आरोपी जतिन को उसके साथी टिटौली निवासी सोनू को गिरफ्तार कर सात दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, कारोर गांव में 2001 में दो परिवारों के बीच एक थप्पड़ को लेकर रंजिश शुरू हुई थी। रंजिश में लगातार खून बहता रहा। अब तक 20 से ज्यादा हत्या हो चुकी हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गांव के पूर्व सरपंच श्रीभगवान और उसके भाई की उस समय 2013 में झज्जर के पास गैंगवार के चलते हत्या कर दी गई थी, जब पुलिस दोनों को रोहतक कोर्ट में पेशी के बाद भौंडसी जेल लेकर जा रही थी। उस समय पूर्व सरपंच श्रीभगवान के बेटे जतिन की उम्र मात्र 13 साल थी। इसके बाद जतिन को लेकर उसकी मां मायके टिटौली चली गई। टिटौली में जतिन की दोस्ती गांव के युवकों से हो गई। 2022 में जतिन के खिलाफ शिवाजी कॉलोनी थाने में लूट के दो केस दर्ज किए गए। वहां से आरोपी बोस्टल जेल चला गया। जेल में उसकी दोस्ती फरीदाबाद के प्रशांत से हुई। जेल से बाहर आने के बाद जतिन ने खत्म हो चुके छाजू गैंग को फिर से खड़ा करना शुरू कर दिया। क्योंकि 2018 में उसके चाचा आनंदपाल की भी अनिल छिप्पी गैंग ने हत्या कर दी थी। जतिन ने चचेरे भाई से बात की, लेकिन उसने रंजिश से पहले ही किनारा कर लिया था। ऐसे में जतिन ने बचपन के दोस्त टिटौली निवासी रोहित उर्फ मोटा व सोनू उर्फ भोला को अपने गैंग में शामिल कर लिया।
नीरज व विकास उर्फ बग्गा भी छाजू गैंग के निशाने पर
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि दिवाली के दिन जतिन साथियों के साथ मिलकर गांव के तीन युवकों नीरज, विकास उर्फ बग्गा व मोहित की हत्या करने की तैयारी में थे। नीरज व बग्गा तो बच गए, लेकिन मोहित को आरोपियों ने घेरकर 13 गोलियां मारी।
....
बड़ा गैंगस्टर बनना चाहता है जतिन, इसलिए चलाई फौजी ढाबे पर गोलियां
पुलिस जांच में पता चला है कि जतिन बड़ा गैंगस्टर बनना चाहता है। इसलिए साथियों के साथ मिलकर फौजी ढाबे पर 22 दिसंबर को गोलियां चलाईं। साथ ही जाते समय कहकर गया कि बता देना छाजू गैंग वाले आए थे।
वर्जन
आरोपी जतिन व सोनू की गिरफ्तारी बेहद अहम है। पुलिस का प्रयास है कि कारोर गांव की रंजिश खत्म हो जाए। छाजू गैंग के चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। साथ ही पुलिस उन आरोपियों को भी काबू करने का प्रयास कर रही है, जहां से हथियार खरीदे गए।
- राकेश मलिक, डीएसपी सांपला।