अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। नए साल पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को कई सेवाएं ऑनलाइन मिल सकेगी। इसके तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन, हॉस्टल फीस और गेस्ट हाउस की बुकिंग जैसी सेवाएं ऑनलाइन करा सकेंगे। इसके अलावा वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित संग्रहालय का उद्घाटन भी होगा। विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर 11 जनवरी को शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा इन सुविधाओं की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे।
केयू एल्युमिनाई एसोसिएशन के निदेशक प्रो. संजीव अग्रवाल ने बताया कि स्थापना दिवस के मौके पर सीनेट हॉल में पूर्व छात्र मिलन समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा मुख्य अतिथि एवं 1985 बैच के आईपीएस व राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (गृहरक्षी) ओमप्रकाश गल्होत्रा विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डा. कैलाशचंद्र शर्मा करेंगे। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस वर्ष स्थापना दिवस को कुछ खास बनाने एवं विद्यार्थियों को नई सुविधाएं देने के उद्देश्य से आनलाइन पुनर्मूल्यांकन, आनलाइन हॉस्टल फीस और आनलाइन गेस्ट हाउस बुकिंग जैसी सुविधाएं शुरू होगी। इन की शुरुआत से बड़ी संख्या में यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। परीक्षा नियंत्रक डा. हुकम सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कुलपति के निर्देशानुसार आनलाइन पुनर्मूल्यांकन सुविधा की शुरू होगी। इससे परीक्षा के बाद उक्त कार्य से विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी नहीं आना होगा। अपने घर से ही संबंधित परीक्षा का पुनर्मूल्यांकन आवेदन एवं फीस आनलाइन जमा करा सकेंगे। यूनिवर्सिटी में प्रतिवर्ष औसतन 70 हजार विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करते हैं। इस सुविधा के बाद निर्धारित समयावधि में घर बैठकर ही लाभ ले सकेंगे।