अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। गांव मलिकपुर के पास एक बाइक चालक से बाइक पर सवार दो नकाबपोश आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बदमाश दो मोबाइल छीन ले गए। घटना मंगलवार देर रात की है। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का मुआयना कर जांच शुरु कर दी।
पुलिस में दर्ज शिकायत में रजत निवासी गांव हरिगढ भौरख ने बताया कि गांव मलिकपुर में आभूषण की दुकान है। बीते मंगलवार की रात वह अपनी दुकान को बंद कर बाइक पर सवार होकर घर आ रहा था। वह दो किलोमीटर आगे ही पहुंचा था कि पीछे से बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी बाइक के आगे बाइक लगाकर रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता बाइक चालक ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दो मोबाइल छीनकर कर फरार हो गए। पुलिस ने रजत की शिकायत पर अज्ञात दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
शिकायतकर्ता रजत ने बताया कि युवक पीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार थे। उस बाइक के पीछे कोई नंबर नहीं लगा हुआ था। दोनों युवकों ने रुमाल के साथ अपना मुंह ढका हुआ था। उधर, पुलिस हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना का कोई सुराग हाथ लग सके।