कंपनी के गेट पर श्रमिक का शव रख किया प्रदर्शन
झज्जर। मातनहेल व ईमलोटा के बीच स्थित एक कंपनी में बुधवार को मिक्सर ग्रांइडर की सफाई करते समय ग्राइंडर में कटने की वजह से एक श्रमिक की मौत हो गई थी। वीरवार को रोहतक पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम करवाए जाने के बाद नीमली गांव के ग्रामीणों व कंपनी के श्रमिकों ने कंपनी के गेट पर पहुंच कर कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। मृतक की पत्नी, पांच साल के लड़के और सात साल की लड़की के नाम दस-दस लाख रुपये जमा कराने के अलावा मृतक की पत्नी को पेंशन या वेतन के तौर पर 15 हजार रुपये प्रति माह देने की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद परिजन मृतक के शव को भी सीधे कंपनी के गेट पर ले आए और प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। बाद में देर रात 17 लाख मुआवजे के रूप में दिए जाने की बात पर परिजन मान गए और शव को गेट से ले गए।
इस मामले में कंपनी की ओर से पहले 10 लाख, फिर 12 लाख रुपये और मृतक की पत्नी को दस हजार रुपये प्रति माह की नौकरी दिलाने की बात कही गई थी, लेकिन ग्रामीण व श्रमिक इस पर राजी नहीं हुए। उसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने केवल 15 लाख रुपये देने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों ने इसे भी मानने से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि कंपनी के अधिकारियों और कमेटी के बीच 17 लाख रुपये मृतक के परिवार के नाम करने के लिए समझौता हुआ है। जिसमें 15 लाख रुपये अभी और दो लाख रुपये बाद में देने की बात कही गई है।
-ये था मामला
मातनहेल व ईमलोटा के बीच स्थित एक कंपनी में मिक्सर ग्रांइडर की सफाई करते समय बुधवार को ग्राइंडर में कटने की वजह से एक श्रमिक नीमली गांव निवासी नरेश पुत्र रामकुमार ग्रांइडर में फंस गया था। उसकी मिक्सर ग्रांइडर में कटने की वजह से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि नरेश मिक्सर ग्रांइडर के अंदर जाकर उसकी सफाई कर रहा था। सफाई करने के बाद जव वह बाहर निकल रहा था तो उसने सुपरवाइजर विशाल त्यागी को पानी की सप्लाई चलाने के लिए कहां, लेकिन उसने पानी की सप्लाई चलाने की बजाए ग्रांइडर का बटन दबा दिया। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सामान्य अस्पताल लाया गया और यहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जहां पर उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना साल्हावास पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया और वीरवार को रोहतक पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम करवाया।
-पुलिस ने मंगवाई अतिरिक्त फोर्स
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही साल्हावास पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दिन भी मामला सुलझवाने का प्रयास किया और शाम तक मामला नहीं सुलझता दिखाई दिया तो अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी झज्जर से बुला ली थी। काफी संख्या में पुलिस के जवानों को मौके पर तैनात किया गया था।
वर्जन
कंपनी के अधिकारियों के साथ 17 लाख रुपये में समझौता हो गया है। इसके बाद श्रमिक के परिजन शव को गेट से उठाकर ले गए है।
- श्री भगवान, एसएचओ, पुलिस थाना साल्हावास।