ट्रेनों को राइट टाइम चलवाने को अब यात्री चलाएंगे हस्ताक्षर अभियान, पीएम को भेजेंगे ज्ञापन
चेन पुलिंग व ट्रेनों के देरी से रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने को लेकर रेल यात्री संघ ने लिया निर्णय
जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों को भी सौंपा जाएगा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आए दिन दिल्ली-रोहतक रेलवे मार्ग पर होने वाली चेन पुलिंग और ट्रेनों के देरी से रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने के मामले को लेकर दैनिक यात्री एकजुट हो गए हैं। यात्री जल्द ही विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर हस्ताक्षर अभियान चलायेंगे। ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग को लेकर पीएम, सीएम से लेकर जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों को ज्ञापन भेजा जाएगा।
देखने में आ रहा है कि शायद ही कोई दिन बीत रहा हो जो रोहतक दिल्ली रेलवे मार्ग पर ट्रेनें देरी से रेलवे स्टेशनों पर न पहुंच रही हो। जिसका प्रमुख कारण ट्रेनों में होने वाली चेन पुलिंग है। हालांकि कई बार मालगाड़ियों को निकालने के प्रयास में भी ट्रेनें देरी से रेलवे स्टेशनों पर पहुंचती हैं। दैनिक रेल यात्री संघ के प्रवक्ता सतपाल सिंह ने बताया कि ट्रेनों को समय पर चलवाने की मांग को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। अब दैनिक रेल यात्री संघ ने ट्रेनों को राइट टाइम कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। प्रतिदिन दैनिक रेल यात्री रोहतक, दिल्ली समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। एक माह तक अभियान चलाया जाएगा। बाद में पीएम, सीएम के अलावा जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारियों को भी पत्र लिखा जाएगा। ताकि समस्या का समाधान हो सके।