‘अपना घर कांड में सफेद पोश व रसूखदारों को भी कानून के दायरे में लाया जाए’
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) राज्य कमेटी ने अपना घर कांड के आरोपियों को सीबीआई न्यायालय से दोषी करार दिए जाने के फैसला का समर्थन किया है। इस फैसले को मासूम बच्चियों व युवतियों को न्याय दिलाने वाला बताते हुए इस मामले में लिप्त रहे सफेद पोश और रसूखदार लोगों को भी कानून के दायरे में लाने की मांग की गई है।
डीवाईएफआई राज्य सचिव संदीप सिंह ने अपना घर कांड के आरोपियों को दोषी करार दिए जाने के फैसले पर कहा कि जब तीन लड़कियों के साहस से इस संगीन व रूह तक कंपा देने वाले मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद रोहतक शहर ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश सड़कों पर उतर आया। मासूमों के साथ हैवानियत का खेल खेलने वाली अपना घर संचालिका, उसके सहयोगियों के खिलाफ आवाज उठाई। बेटियों का उत्पीड़न करने वाले सफेदपोशों को कड़ी सजा देने की मांग की। सीबीआई कोर्ट में अपना घर संचालिका व अन्य नौ अभियुक्तों पर देह व्यापार, शोषण, मारपीट व मानव तस्करी के आरोप सिद्ध हुए हैं। इस मामले में कई रसूखदार लोग व सफेदपोश भी शामिल रहे हैं। इन्हें भी कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। अपना घर कांड का यह मामला यहीं बंद नहीं होना चाहिए। दोषियों को आगे भी सख्त सजा मिलनी चाहिए।