फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम से भिडे़ दुकानदार

विज्ञापन
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाने पहुंची नप टीम से भिडे़ दुकानदार
विज्ञापन

चरखी दादरी।
रेलवे रोड पर शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद टीम से दुकानदारों की झड़प हो गई। दुकानदारों ने नगर परिषद कर्मचारियों पर बाहर रखे सामान को जब्त करने में पक्षपात का आरोप लगाते हुए रोड जाम कर दिया। इस दौरान दुकानदारों ने रेलवे रोड मार्केट बंद कर नप की कार्रवाई का विरोध जताया। इतना ही नहीं मौके पर पहुंचे नगर परिषद चेयरमैन की गाड़ी का घेराव करने का भी प्रयास किया गया लेकिन चेयरमैन मौके से निकल गए। सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। दुकानदारों ने नगर परिषद चेयरमैन व नप कर्मचारियों के खिलाफ लिखित में शिकायत देने के बाद मामला दर्ज करने का आश्वासन थाना प्रभारी विकास ओलहान से मांगा। एसएचओ विकास ओलहान ने मामले की जांच के बाद ही कोई कार्रवाई करने का तर्क दुकानदारों को दिया। इससे पहले करीब एक घंटा रोड जाम रहने से यातायात व्यवस्था ठप रही।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नगर परिषद कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर अतिक्रमण हटाने रेलवे रोड पर पहुंचे। रेलवे स्टेशन के सामने से नगर परिषद कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर रखा सामान उठाना शुरू ही किया था कि इस कार्रवाई से दुकानदार भड़क उठे। दुकानदारों ने इन कर्मचारियों पर अभियान के नाम पर भाई-भतीजावाद की भावना बरतने का आरोप लगाया। इस दौरान दुकानदारों की नप टीम के साथ बहस भी हो गई। इसके बाद रेलवे रोड मार्केट बंद कर दुकानदारों ने रेलवे रोड पर जाम लगा दिया। दुकानदारों के लामबंद होने पर नगर परिषद कर्मचारी वहां से चले गए। इसके बाद भी दुकानदारों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने नप चेयरमैन संजय छपारिया व कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
विज्ञापन

दुकानदार मुन्ना लाल सोनी, अशोक, कृष्ण सोनी, संजय, अशोक, हरिओम आदि दुकानदारों ने बताया कि चेयरमैन इस रोड की चुनिंदा दुकानों का सामान ही जब्त करने के लिए कर्मचारियों को भेज रहे हैं। इन दुकानदारों का आरोप है कि सभी दुकानों का सामान बाहर रखा हुआ है लेकिन कार्रवाई कुछ के खिलाफ ही अमल में लाई जा रही है। नगर परिषद की सामान जब्त करो कार्रवाई से खफा दुकानदारों ने सड़क के बीचोंबीच सामान रखकर यातायात व्यवस्था बाधित कर दी। इन दुकानदारों ने चेयरमैन व नगर परिषद के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसी दौरान जब चेयरमैन संजय छपारिया मौके से गुजरे तो दुकानदार घेराव के लिए उनकी गाड़ी के पीछे नंगे पैर ही दौड़ पड़े। चेयरमैन के वहां से चले जाने के कुछ देर बाद सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से जाम लगाने का कारण पूछा तो दुकानदारों ने चेयरमैन व नप कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इस पर सिटी थाना प्रभारी ने पहले लिखित शिकायत देने और बाद में मामले की जांच कर ही आगामी कार्रवाई करने का आश्वासन दुकानदारों को दिया। इस पर दुकानदारों ने सहमति जताई और थाना प्रभारी के कहने से सड़क पर रखा सामान उठाकर जाम खोल दिया। इसके बाद सिटी थाना पुलिस टीम रेलवे रोड की एक घंटे से बाधित पड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल करवाकर ही वापिस थाने लौटी। इससे पहले दुकानदारों व एक पार्षद प्रतिनिधि की झड़प भी हो गई। वहीं, चेयरमैन का तर्क है कि डीसी विजय कुमार सिदप्पा के निर्देशों पर शहर में दोबारा से अभियान शुरू किया गया है।
नप चेयरमैन ने निकलवाई अभियान की फुटेज
नप चेयरमैन व कर्मचारियों पर पक्षपात के आरोप लगाने वाले दुकानदारों ने चेयरमैन की गाड़ी घेरने का प्रयास भी किया लेकिन चेयरमैन के गाड़ी वापिस मोड़कर चले जाने से उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। इसके तुरंत बाद चेयरमैन ने जाम लगाने के कारणों का पता लगाया तो सामान जब्त करने में पक्षपात करने की बात सामने आई। इस पर चेयरमैन ने रेलवे रोड स्थित एक प्रतिष्ठान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवा ली। चेयरमैन ने दावा किया है कि कर्मचारी किसी का सामान उठाने में पक्षपात नहीं कर रहे थे। पार्षद प्रतिनिधि से भिड़े दुकानदार, गाली-गलौज भी हुई
वार्ड नंबर एक की पार्षद सुमन देवी के पति रमेश कुमार से भी गुस्साएं दुकानदारों की झड़प हो गई। पार्षद प्रतिनिधि ने दुकानदारों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन दुकानदारों ने उनकी एक न सुनी। इस दौरान गहमा-गहमी बढ़ गई और नौबत गाली-गलौज तक जा पहुंची। इसके बाद पार्षद प्रतिनिधि वहां से चले गए।
रेलवे रोड की दुकानदारों ने आरटीआई से मांगी जानकारी
दुकानदार मुन्ना लाल सोनी, जगदीश, जयभगवान, सुनील आदि ने अभियान में भाई-भतीजावाद की भावना बरतने के आरोप लगाए तो वहीं चेयरमैन ने प्रेस को एक वीडियो जारी कर इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। 31 सेकेंड के इस वीडियो में कर्मचारी कई दुकानों के बाहर रखे साइन बोर्ड उठाते नजर आ रहे हैं। वहीं, दुकानदार मुन्ना लाल ने बताया कि उन्होंने रेलवे रोड की चौड़ाई मालूम करने के लिए एक आरटीआई भी लगा रखी है। उन्होंने मांग की है कि सड़क की चौड़ाई बताकर नगर परिषद अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करे और फिर भी वो स्वयं सामान नहीं उठाते हैं तो उन पर कार्रवाई अमल में लाई जाए।
वर्जन:
जाम की सूचना मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा था। दुकानदारों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। दुकानदार अगर कोई लिखित शिकायत देते हैं तो पुलिस मामले की जांच करेगी। जांच में जो सामने आएगा उसी आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन

विकास ओलहान, सिटी थाना प्रभारी
वर्जन:
मैं पहले भी दो-तीन दफा रेलवे रोड पर जाकर दुकानदारों को सामान हटाने के लिए बोल चुका हूं। उपायुक्त विजय कुमार सिदप्पा के निर्देशों पर नप ने दोबारा से अभियान शुरू किया है जोकि अब लगातार जारी रहेगा। वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि कर्मचारियों ने पक्षपात का रवैया नहीं अपनाया है। भेदभाव के आरोप बेबुनियाद है।
संजय छपारिया, चेयरमैन नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें