समान काम-समान वेतन के लिए देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। एचसीएमएस के राज्यप्रधान डॉ. जसबीर परमार ने कहा कि यदि देश में डॉक्टरों के लिए समान काम-समान वेतन नियम लागू नहीं किया गया तो वे देश व्यापी आंदोलन करेंगे। यह फैसला हाल ही में गठित आल इंडिया फेडरेशन आफ गवर्नमेंट डॉक्टर एसोसिएशन (एआईएफजीडीए) ने लिया है।
उन्होेंने बताया कि 15 और 16 जुलाई को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 22 राज्यों के चिकित्सकों के एसोसिएशन की बैठक हुई थी। इसमें देश में डॉक्टरों की कमी, सुपर स्पेशियलिटी की कमी पर चर्चा हुई। इस दौरान मांग उठी कि जिस प्रकार देश में जीएसटी है उसी तर्ज पर सेम वर्क-सेम पे भी लागू होना चाहिए। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन की तरह मेडिकल कमीशन गठित होना चाहिए। इसमें एनपीए 25 के बजाए 30 फीसदी करने और डॉक्टरों की सुरक्षा जैसे विषयों पर मंथन हुआ।
एआईएफजीडीए में हरियाणा की चौधर
आल इंडिया फेडरेशन आफ गवर्नमेंट डॉक्टर ऐसोसिएशन में हरियाणा के डॉक्टरों की चौधर रहेगी। इसमें प्रदेश के डॉ. राजेश यालिया को राष्ट्रीय प्रधान, डॉ. जसबीर परमार को राष्ट्रीय सचिव और डॉ. राजेश श्योकंद को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।