जिले में 73 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि होने के साथ ही चार अन्य मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। जिले में कोरोना संक्रमण फैलने का स्तर 5.86 प्रतिशत पहुंच गया है। शुक्रवार को कोरोना से 97 मरीज ठीक हुए। अब तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 25369 पहुंच गई है। सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 1296 रह गई है। इसमें से 125 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 1161 होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को जिले से 1637 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले का रिकवरी प्रतिशत 92.93 चल रहा है और अभी तक 23576 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। हालांकि जिले में अब तक 497 मरीजों ने उपचार के दौरान अपनी जान गंवा दी है।
207795 का हो चुका टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में अब तक 207795 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिलजीत त्रेहान ने बताया कि शुक्रवार को 2053 को पहली व 551 को कोरोना से बचाव की दूसरी डोज लगाई गई है।
पीजीआईएमएस में 566 बेड पर 276 मरीज
पीजीआईएमएस में कोरोना मरीजों के लिए 566 बेड आरक्षित हैं। यहां पर 276 मरीज उपचाराधीन हैं। इसमें से 153 मरीज कोरोना के हैं, जिनमें से 23 मरीज ऑक्सीजन पर, 66 मरीज हाई फ्लो ऑक्सीजन पर व 42 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।