पीजीआईएमएस में लगातार ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को संस्थान में मरीजों की संख्या 123 हो गई और सोनीपत के 45 वर्षीय व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। कोरोना के मरीजों की संख्या भले ही घटने लगी है, लेकिन ब्लैक फंगस के केस दूसरी लहर में अधिक सामने आ रहे हैं। अकेले पीजीआईएमएस में 123 मरीज उपचाराधीन हैं, वहीं निजी अस्पतालों में भी 42 मरीज उपचाराधीन हैं। पीजीआईएमएस के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को भी हमने पांच ब्लैक फंगस के मरीजों का ऑपरेशन किया है। इसके साथ ही हमारे पास 230 इंजेक्शन और आने हैं। संस्थान ने सरकार को छह हजार इंजेक्शन की डिमांड भेजी हुई है। अप्रूवल कमेटी जैसे-जैसे मरीजों के नाम से इंजेक्शन मंगा रही है, इंजेक्शन आ रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सरकार के प्रयासों से इंजेक्शन की सारी कमी समाप्त हो जाएगी और किसी को परेशान नहीं होना पड़ेगा।