रोहतक। बात अगर कुश्ती में देश को पदक दिलाने की हो तो हरियाणा के पहलवानों का नाम सूची में सबसे ऊपर लिया जाता है। चाहे वो नाम फ्री स्टाइल कुश्ती में बजरंग पूनिया का हो, ग्रीको रोमन स्टाइल कुश्ती में सुनील कुमार का या फिर महिला वर्ग में साक्षी मलिक या विनेश फोगाट का। ऐसा ही कुछ चीन के शियान शहर में चल रही एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में टीम इंडिया ने तीनों स्टाइलों में कुल 16 पदक जीते। इनमें से सबसे ज्यादा 10 पदक अकेले हरियाणा के पहलवानों के हैं।
30 खिलाड़ियों में बजरंग पूनिया ही जीत सके गोल्ड
प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों के 30 खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया। भाग लेने वाले 30 खिलाड़ियों में से अकेले बजरंग पूनिया ही ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्होंने देश के लिए गोल्ड मेडल जीता।
ये हैं प्रदेश के पदक विजेता पहलवान
पुरुष वर्ग में फ्री स्टाइल कुश्ती के पदक विजेता पहलवान
भारवर्ग नाम पदक जिला
65 बजरंग पूनिया स्वर्ण झज्जर
74 अमित धनखड़ रजत रोहतक
86 दीपक पूनिया कांस्य झज्जर
97 सत्यव्रत काद्यान कांस्य रोहतक
125 सुमित मलिक कांस्य रोहतक
पुरुष वर्ग में ग्रीको रोमन स्टाइल के पदक विजेता पहलवान
भारवर्ग नाम पदक जिला
60 ज्ञानेंद्र कांस्य सोनीपत
87 सुनील कुमार रजत सोनीपत
महिला वर्ग में फ्री स्टाइल कुश्ती के पदक विजेता पहलवान
भारवर्ग नाम पदक जिला
53 विनेश फौगाट कांस्य चरखी दादरी
59 मंजू कुमारी कांस्य हिसार
62 साक्षी मलिक कांस्य रोहतक