ऑनलाइन मोबाइल लेना पड़ा महंगा, गंवाए 31 हजार
सिरसा। ऑनलाइन वेबसाइट पर सामान मंगवाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इसी कड़ी में सिरसा निवासी एक युवक को भी ठगों ने शिकार बनाकर 31 हजार रुपए ऐंठ लिए।
पुलिस को दी शिकायत में सिरसा निवासी दीपक कुमार ने बताया कि उसे आई फोन-7 लेना था। उसने उसने एक बेवसाइट पर फोन सर्च किया और अपना पता व मोबाइल नंबर डाल दिया। इसके बाद उसके पास राजाखेड़ा धोलपुर राजस्थान निवासी श्रीकांत का फोन आया। उसने बताया कि वह सेना में जवान है और उसे फोन बेचना है और उसका फोन अच्छी कंडीशन में है। फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे व्हाट्सएप पर फोन की फोटो भी भेजी। फोन देखने के बाद उसे पसंद आ गया और उसने हां भर दी और 21 हजार रुपए में फोन की बात तय हो गई। उसके हां भरने पर श्रीकांत ने कहा कि वह फोन कोरियर करवाएगा। जिसके लिए एक हजार रुपए का खर्च आएगा। उसने हजार रुपए पेटीएम से उसके खाते में भेज दिए। इसके बाद श्रीकांत ने कोरियर की विडियो बनाकर उसके पास भेज दी। दूसरे दिन श्रीकांत ने कहा कि फोन की राशि जमा करवा दो। कोरियर जल्द मिल जाएगा। उसने 21 हजार रुपए उसके खाते में जमा करवा दिए। तीसरे दिन फिर श्रीकांत ने कहा कि सरकारी कोरियर है और 5 घंटे से ज्यादा लेट होने पर 5 हजार रुपए जुर्माना लगता है। आप पांच हजार रुपए एक बार जमा करवा दो। कोरियर ब्वॉय आपको राशि वापस दे देगा। उसने श्रीकांत की बातों में आकर पांच हजार रुपए और उसके खाते में जमा करवा दिए। करीब एक घंटे बाद श्रीकांत का फिर फोन आया कि लेट फीस बढ़ाकर 9 हजार रुपए कर दी गई है। इसलिए चार हजार रुपए और खाते में जमा करवाओ। उसने फिर 4 हजार रुपए उसके खाते में भेज दिए। वह कोरियर का इंतजार करने लगा। लेकिन दो दिन इंतजार करने के बाद भी कोई कोरियर नहीं आया। जिस व्यक्ति का फोन आया था उसका नंबर भी बंद मिला। फिर उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। जिसके बाद उसने पुलसि को शिकायत दी।
कोट्स:
मामले की शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-अनिल कुमार, जांच अधिकारी।