कल जसिया में जाट महासम्मेलन, आंदोलन का स्वरूप तय करेगा जाट समाज
- अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से शनिवार को जसिया में है महापंचायत
- रोहतक के सभी गांवों में 13 से 22 मई तक चलाया गया था जाट समाज को जोड़ने का अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से शनिवार को जसिया में जाट महासम्मेलन होने जा रहा है। आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए मुकदमों की पैरवी करने में सरकार पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए महासम्मेलन बुलाया गया है। हरियाणा से साथ ही अन्य राज्यों का जाट समाज भी महासम्मेलन का हिस्सा होगा। जिसमें आंदोलन का स्वरूप तय किया जाएगा यानि सरकार के विरोध का तरीका चुनने पर सर्वसमम्मति से निर्णय लिया जाएगा।
समिति की ओर से इस संबंध में एक और प्रेसवार्ता वीरवार को तिलियार लेक के पास हुई। समिति के महासचिव अशोक बल्हारा ने बताया कि 13 से 22 मई तक रोहतक के हर गांव जाकर जाट समाज को एकजुट किया गया है। समाज के लोगों को महासम्मेलन में बड़ी संख्या में जसिया आने का निमंत्रण दिया गया है। समाज के लोगों में सरकार के खिलाफ रोष है। उन्होंने कहा कि आरक्षण आंदोलन के दौरान समाज के लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए हैं। सरकार की ओर से मुकदमों में पैरवी ठीक से नहीं की गई है। महासम्मेलन में सर्वसम्मति से तय किया जाएगा कि सरकार का विरोध धरना देकर होगा, रास्ते रोककर किया जाए, असहयोग आंदोलन हो या फिर सरकार का बॉयकॉट किया जाए, या आंदोलन को कोई अन्य स्वरूप हो। इस पर बहुमत के साथ निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर नरेश बल्हारा, केएल हुड्डा, जिला प्रधान जयवीर कुंडू आदि मौजूद रहे।