लहरों पर पहरे बैठाए जाते हैं, समुद्रों की तलाशी नहीं लेता कोई : कटारिया
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भाजपा सांसद रतनलाल कटारिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए व्यंग्य कसा है कि लहरों पर पहरे बैठाए जाते हैं जबकि समुद्रों की तलाशी कोई नहीं लेता। कांग्रेस जनक्रांति के नाम पर यात्रा करना चाह रही है वह जन भ्रांति यात्रा है। अपने कार्यकाल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, हरियाणा की कीमती जमीन को कोड़ी के भाव बेच दिया गया। परिवार के हर शख्स के नाम पर अनगिनत प्लाट हो गए। अब भाजपा से उसके ढाई साल के कार्यकाल का हिसाब मांगा जा रहा है। लेेकिन जल्द ही सालों से प्रदेश को लूटने वालों की पोल खुल जाएगी। इसके लिए सीबीआई जांच कर रही है।
सांसद बुधवार को स्थानीय कैनाल रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने 2004 में भाजपा से हुई गलती को मानते हुए कहा कि दूध का जला छाछ को भी फूंक-फूंक कर पीता है। इस बार वह भाजपा की उपलब्धियों को स्वयं जनता तक पहुंचाएंगे। वहीं उन्होंने कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा को घेरते हुए कहा कि वह दीपेंद्र से गलत बयानबाजी की अपेक्षा नहीं करते। लेकिन इन दिनों जो वह बयानबाजी कर रहे हैं तो लगता है कि उन्हें अपनी पार्टी का अनुभव याद आ रहा है। बीजेपी पर असहिष्णुता का आरोप लगाना गलत है। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय बंसल जिला मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, जिला महामंत्री सतीश आहुजा, जिला उपाध्यक्ष बीरसिंह, रणबीर ढाका, वजीर खोखर, मनोज मक्कड़, संजय बल्हारा, अभिनंदन भारद्वाज सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।