सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कसेगा शिकंजा
- आईजी ने विशेष टीम गठित कर दिये सोशल मीडिया को मॉनिटरिंग करने के आदेश
- विवादित वीडियो शेयर क रने पर लाखनमाजरा थाने में आरोपियों पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। रोहतक रेंज के सभी जिलों में लोगों के द्वारा फेसबुक, व्हाटसअप और ट्वीटर पर की जा रही पोस्ट की मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि किसी ने भी सोशल साइट्स पर आपत्तिजनक पोस्ट की तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में वीरवार को लाखनमाजरा थाने में एक केस दर्ज किया गया।
रोहतक रेंज के आईजी नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि 26 नवंबर को अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति (यशपाल मलिक गुट) के द्वारा गांव जसिया में चौधरी छोटूराम विकास कौशल संस्थान की नींव रखी जाएगी। इसके अलावा जींद में लोकतंत्र सुरक्षा मंच संयोजक और कुरूक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की रैली है। दोनों ही जगहों पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की प्राथमिक सूचना है। इसको ध्यान में रखकर सभी अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के निदेश दिये गये है। साथ ही मुस्तैद और सतर्क रहने को लेकर भी आदेश दिये। आईजी ने कहा कि माहौल ठीक रखने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। इसी के तहत जो लोग सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण व भ्रामक पोस्ट शेयर कर करेगा तो उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है।
पिछले दिनों माहौल खराब करने के लिए कुछ शरारती तत्वों ने सोशल सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ पोस्ट डाली थी। जब पुलिस को इसके बारे में पता चला तो आरोपियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों ने एक वीडियो को फेसबुक पर शेयर किया था। पुलिस ने फिलहाल संदिग्ध वीडियो को हटा दिया है।
आईजी ने कहा कि सख्त दिशा-निर्देश दिये गये है कि शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखे। किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की बिल्कुल भी अनुमति नहीं दी जाएगी। उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। आईजी ने आमजन से भाईचारा कायम रखने की अपील की है। किसी भी प्रकार की भड़काऊ व भ्रामक पोस्ट को शेयर न करने की हिदायत दी।