अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी, धारूहेड़ा।
नगर पालिका धारूहेड़ा की ओर से बुधवार को आयोजित बैठक में कई विकास कार्यों पर मुहर लगी। बैठक में धारूहेड़ा शहर में भी अब अन्य शहरों की तर्ज पर स्वर्ण जयंती पार्क का निर्माण करने, बिजली बोर्ड के माध्यम से अलग से पोल लगवाकर अलग लाइन डलवाने तथा शहर को खुले में शौचमुक्त करने सहित कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।
बुधवार को पार्षदों की मासिक बैठक सोहना रोड स्थित नगरपालिका परिसर में प्रधान प्रेमराव की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान शहर में स्वर्ण जयंती पार्क का निर्माण करने का भी निर्णय हुआ। इसके लिए सेक्टर 6 में स्कूल के पास की जगह चिंहित की गई। पार्षदों ने स्ट्रीट लाइटों को लेकर बैठक में ठेकेदार की शिकायत की। उन्होंने कहा कि सेक्टर में लाइटें खराब हैं। ठेकेदार फोन नहीं उठाता। ऐसे में बहुत अधिक समस्या हो जाती है। पार्षदों ने यहां तक कहा कि ठेकेदार अधिक काम नहीं करता तो उसे ब्लैकलिस्ट करो। इस पर नगर पालिका सचिव संदीप मलिक ने कहा कि लाइटें ठीक कराई जा रही हैं। अभी तक स्ट्रीट लाइटें निगम के पालों पर थी। अब नगर पालिका बिजली निगम की मदद से अलग से इनके लिए पोलों की व्यवस्था करेगा। जिससे यह समस्या नहीं रहेगी।
बारिश में धंस रही सड़कें
पार्षदों ने बैठक में बताया कि बारिश से शहर की सड़कें धंस रही हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड 14 और 15 की हालत बेहद खराब है। पिछले दिनों जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से यहां सीवर लाइन डाली गई थी। अब यह सड़क बारिश में धंसने लगी है। मंगलवार को ही बारिश के चलते वार्ड 15 में एक ट्रैक्टर धंस गया था। पार्षदों ने यह भी कहा कि जब सेक्टर हुडा में थे तो ठीक थे। अब इनकी हालत खराब है।
शीघ्र खुलेंगे मार्ग
पार्षदों ने सेक्टरों के मुख्य मार्गों को बंद करने का भी मसला उठाया। इस पर नपा सचिव मलिक ने कहा कि इस संबंध में आरडब्ल्यूए को नोटिस दे दिया है। जिला उपायुक्त ने भी इस संदर्भ में संज्ञान लेने को कहा है। जल्दी ही सेक्टर के मुख्य मार्गों को खुलवा दिया जाएगा। वहीं बारिश के बाद धारूहेड़ा की हालत भी खराब थी। एचएच आठ पर अंडरपास में पानी भरा होने के कारण लोगों को यहां से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऑनलाइन टेंडर पर भी उठी अंगुली
पार्षद राजकुमार सैनी ने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन टेंडर की व्यवस्था तो कर दी। लेकिन कम पैसे में ठेके लेने के चलते कार्यों में पारदर्शिता नहीं बन पाती। इसका खामियाजा आमजन को उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में सरकार से भी पत्र व्यवहार करेंगे।
लावारिस पशुओं की भी समस्या उठी
बैठक में सड़कों पर घूमते लावारिस पशुओं की भी समस्या उठी। पार्षदों ने कहा कि लावारिस पशुओं से दुर्घटना का भय रहता है। वही नगरपालिका सचिव ने इस बारे में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। जिस समय यह आश्वासन दिया जा रहा था उसी समय नगरपालिका परिसर के ठीक सामने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 71 बी पर लावारिस पशु जमघट लगाए बैठे थे।
बैठक में नगरपालिका प्रधान प्रेमराव, उपप्रधान सुमित्रा मुकदम, मनोनीत पार्षद पं. अशोक जोशी, नगरपालिका सचिव संदीप मलिक, भवन नियंत्रक नवल किशोर, प्रवीण पांचाल, मनीष सैनी आदि पार्षद मौजूद थे।