नौकरी दिलाने के नाम पर सात लोगों से 35.62 लाख ठगे, केस दर्ज
सिरसा। फतेहाबाद जिले के गांव हिजरावां व जांडली कलां निवासी दो लोगों ने डिंगमंडी क्षेत्र के गांव जोधकां निवासी सात लोगों से नौकरी दिलवाने के नाम पर 35.62 लाख रुपए ऐंठ लिए। यही नहीं जब नौकरी नहीं लगाने पर युवक ने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद युवक ने परिजनों को साथ लेकर डिंग थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जोधकां निवासी सेवक पुत्र सरदार पाल सिंह ने बताया कि उसके पिता ने गांव हिजरावां खुर्द में बीर सिंह की जमीन ठेके पर ली हुई थी। उसके पिता की आरोपी श्रवण के पिता बीर सिंह से अच्छी पहचान हो गई थी। 22 मई 2017 को उसके पिता के पास श्रवण का फोन आया कि उसकी सुरेंद्र कुमार निवासी गांव जांडली कलां के साथ अच्छी जान पहचान है। सुनील ने इससे पूर्व कई युवाओं को नौकरी लगवाया है। अगर वह अपने बेटे को नौकरी लगवाने का इच्छुक है तो उसे लगवा सकते हैं। जिसके लिए सात लाख रुपए देने होंगे। सात लाख में से आधे पैसे ज्वाइनिंग के बाद देने होंगे। वह अपने पिता के साथ आरोपी सुरेंद्र के फतेहाबाद स्थित कार्यालय में चला गया। जहां दो अन्य लोग भी मौजूद थे। यहां सुरेंद्र ने कई युवाओं का जिक्र करते हुए बताया कि उसने सरकारी नौकरी लगवाया है। 25 मई 2017 को सुरेंद्र की बातों में आकर उसके पिता ने सुरेंद्र को दो लाख रुपए और उसके शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र दे दिए। सुरेंद्र ने कहा कि वह आपको दो लाख में एक लाख रुपए अपनी ओर से मिलाकर दे रहा है। जिसे वह बाद में रकम से काट लेगा। सुरेंद्र ने कहा कि सेवक की फाइल फोटो बनकर आएगी, जिसपर हस्ताक्षर के लिए उसे हिसार जाना पड़ेगा। सुरेंद्र ने 1 जून 2017 को उसे हिसार में जिंदल पुल के नीचे डिलक्स होटल के कमरे में जाकर हस्ताक्षर करने को कहा। कमरे में कागजों पर हस्ताक्षर कर वह लौट आया। उसने अपने परिचितों को भी इस बारे बताया। जिसपर बलदेव सिंह पुत्र करतार सिंह वासी गांव जोधकां, अजय कंबोज, कुलवंत सिंह निवासी पतली डाबर, संजय हिसार, अंग्रेज कंबोज व प्रदीप को भी सुरेंद्र से मिलवाया। सुरेंद्र ने बलदेव सिंह से सात लाख, अजय कंबोज से चार लाख, कुलवंत सिंह से साढ़े चार लाख रुपये, संजय हिसार से पांच लाख रुपये, अंग्रेज सिंह से पांच लाख रुपये व प्रदीप से तीन लाख पचहत्तर हजार रुपये ले लिए। सुरेंद्र ने उसकी 20 जून को ज्वाइनिंग एचएसएससी बोर्ड में करवा दी। इसके बाद उसे केंटीन पर बैठे एक युवक-युवती से मिलने और हस्ताक्षर करने को कहा। उसने वहां जाकर हस्ताक्षर कर दिए। इसके बाद उसकी तीन-तीन महीने की ट्रेनिंग करवाई गई। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद भी उसे ज्वाइनिंग नहीं दी गई। इसके बाद कई बार सुरेंद्र से संपर्क किया गया। सुरेंद्र ने कहा कि 2016 की भर्ती के तहत आपको ज्वाइनिंग मिलेगी। ज्वाइनिंग के लिए पंचकूला जाना पड़ेगा। जुलाई 2108 में उसे पंचकूला भेजा गया। पंचकूला में दो दिन रखने के बाद उसे वापस भेज दिया गया। वह सुरेंद्र से संपर्क करता रहा। लेकिन वह टाल मटोल करता रहा। कई दिनों तक यही चलने के बाद उसे शक हुआ। उसके साथ ही नहीं सभी लोगों के साथ सुरेंद्र ने ठगी की। यही नहीं जब पैसे वापस मांगे तो कहने लगा कि उसकी उपर तक पहुंच है। ज्यादा कुछ किया तो जान से हाथ धो बैठेगा। मंगलवार की सांय को उसने डिंग थाने में इस संबंधी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोट्स:
जोधकां निवासी एक युवक ने नौकरी दिलवाने के नाम पर गांव के सात लोगों से 35.62 लाख रुपए ठगने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।
-कंवर सिंह, डिंग थाना प्रभारी।