खानपुर और मेवाती मेडिकल कॉलेज को निदेशक की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। भाजपा सरकार की खानपुर व मेवाती मेडिकल कॉलेज के निदेशक की तलाश जारी है। हैरानी तो इस बात की है कि रेगुलर निदेशक तो दूर कार्यवाहक निदेशक भी सरकार तय नहीं कर पा रहे हैं। पीजीआईएमएस रोहतक के निदेशक की सीट भले ही प्रदेश में सबसे हॉट मानी जाती हो, लेकिन यहां पर भी नियमित निदेशक नहीं हैं। यहां पर सेवानिवृत्ति के मुहाने पर बैठे डॉ. नित्यानंद शर्मा को यह जिम्मेदारी मिली है।
पीजीआईएमएस रोहतक के निदेशक पद की बात करें तो संस्थान के कई दिग्गज डॉक्टर इस सीट को पाने के लिए अपने प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो डॉ. नित्यानंद को एक्सटेंशन देने व बतौर निदेशक उनका कार्यकाल आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन ने पहले ही उनकी फाइल सरकार के पास भेज रखी है। सूत्रों की मानें तो सेवानिवृत्त होने से पहले डॉ. नित्यानंद के लिए चुनौती है कि वह बेलगाम संस्थान पर नकेल कसें और उसे ट्रैक पर ले आए, तो उनका बतौर निदेशक कार्यकाल बढ़ सकता है। कुछ विवादों को छोड़ कर इसे लगभग तय ही माना जा रहा है कि डॉॅ. नित्यानंद को सरकार एक्सटेंशन दे सकती है। वहीं बात खानपुर व मेवाती मेडिकल कॉलेज के निदेशक की बात करें तो वहां भी यह पद खाली है। सूत्र दावा करते हैं कि तीन संस्थानों के निदेशक के लिए सरकार पिछले तीन चार महीने से अधिकारी तलाश रही है। वहीं तीनों संस्थानों के दिग्गजों की मानें तो वह रेगुलर पोस्ट न होने के चलते इस पचडे़ में नहीं फंसना चाहते। क्योंकि रेगुलर पोस्टिंग न होने के चलते सरकार जब चाहे हटा देती है और लगा देती है। डॉक्टरों की मानें तो संस्थान में कुछ डॉक्टरों के पास ऑफर भी है, लेकिन सभी रेगुलर सीट पर ही भाग्य आजमाने की तैयारी में है।