उद्योगपति ने बैंक में जमा कराने के लिए दिए डेढ़ लाख, नौकर लेकर फरार
यमुनानगर। जगाधरी में बर्तन उद्योगपति से उन्हीं की फैक्ट्री में सात साल पुराने व सबसे भरोसेमंद नौकर द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। उद्योगपति ने नौकर को डेढ़ लाख रुपये व दो चैक बैंक में जमा कराने के लिए दिए। आरोपी नौकर ने दो चैक तो बैंक में लगा दिए, लेकिन डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। जब उद्योगपति का इसका पता चला तो शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक की शिकायत पर आरोपी नौकर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगाधरी की गोपाल नगर कॉलोनी निवासी धर्मवीर सिंह ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मनोहर कॉलोनी में तेजली गेट के पास बर्तनों की फैक्ट्री है। फैक्ट्री में उत्तर प्रदेश के जिला आजमगढ़ निवासी संजय सात साल से नौकरी कर रहा था। वह उसका सबसे भरोसेमंद नौकर था। इसलिए वह उससे बैंक संबंधी कार्य करवाता था। 30 जनवरी को उसने संजय को बैंक में डेढ़ लाख रुपये जमा करवाने और दो चैक बैंक में लगाने के लिए दिए थे। नकदी व चैक लेकर वह बैंक चला गया। लेकिन उसके बाद वापस लौटकर नहीं आया। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चला। नौकर के न लौटने पर उसने बैंक में जाकर पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि नौकर ने बैंक में दो चैक तो लगाए, लेकिन डेढ़ लाख रुपये की नकदी जमा नहीं करवाई। धर्मवीर का आरोप है कि उसके नौकर ने उसे धोखा दिया और उसके डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गया। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी नकर संजय के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल पारस कुमार का कहना है कि आरोपी नौकर की तलाश की जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस आजमगढ़ जाएगी। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।