अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग पर गांव कबलाना के पास सड़क पार कर रहे 10वीं कक्षा के दो छात्रों को एक निजी बस ने कुचल दिया। हादसे में दोनों छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने जाने के बाद चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे में मरने वाला छात्र सुनील गांव के ही कैब्रिंज स्कूल और राहुल गांव के सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र थे। दोनों छात्र मंगलवार शाम खेतों में व्यायाम करने गए थे। व्यायाम करने के बाद सुनील और राहुल अपने चाचा के कहने पर खेत में चल रहे ट्यूबवेल के इंजन को बंद करने गए थे। परिजनों के अनुसार जब दोनों खेत से लौट रहे थे तो सड़क पार करने के दौरान बहादुरगढ़ से झज्जर जा रही निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट ले लिया। हालांकि कुछ लोग घटनास्थल पर भी थे, लेकिन बस की तेज गति होने के चलते वे निजी परिवहन की बस का नंबर नहीं देख पाए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवाया।
झज्जर थाना इंचार्ज सोमबीर ने बताया कि अज्ञात निजी बस के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा।