बिजली चोरों पर शिकंजा, 29 पर 21 लाख का जुर्माना
सोनीपत। बिजली चोरों पर शिकंजा कसने के लिए निगम की टीम ने बुधवार को अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 29 जगह पर बिजली चोरी पकड़ी है और चोरी करने वालों पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा बिजली चोरों के खिलाफ ऑनलाइन एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। ये बिजली चोरी सोनीपत शहर के अलावा राई व कुंडली क्षेत्र में पकड़ी गई है, जिसके लिए एक्सईएन के साथ ही सभी सब डिवीजन के एसडीओ लगे रहे। बिजली चोरी भी नए-नए तरीकों से की जा रही थी, जिससे वह पकड़ में नहीं आ सके। उसके बावजूद निगम की टीम ने बिजली चोरों को पकड़ लिया।
एक्सईएन सिटी जेसी शर्मा ने बताया कि बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए निगम ने अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत ही सोनीपत शहर के अलावा कुंडली व राई क्षेत्र में टीमों ने एक साथ छापामारी की। इस दौरान 29 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई और यह चोरी दुकानों व मकानों में पकड़ी गई है। उनके अनुसार किसी ने सीधे तार पर केबल डाला हुआ था तो किसी ने इस तरह से केबल लगाया था, जिससे ऐसा लगे कि वह मीटर से जुड़ा हुआ है। वह केबल मीटर से नहीं जुड़ा हुआ था और सीधे केबल घर की लाइन से जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। जिनके यहां बिजली चोरी पकड़ी गई है, उन सभी के खिलाफ ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं उन पर 21 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है और यह जुर्माना जमा करने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए है। एक्सईएन ने बताया कि यह अभियान अभी जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। बिजली चोरी पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान में एसडीओ औद्योगिक क्षेत्र सीमा नारा, एसडीओ सिटी अश्विनी धनखड़, एसडीओ कुंडली रवि चौधरी, एसडीओ राई प्रदीप कुमार, जेई अंग्रेज शामिल रहे।