गन प्वाइंट पर छीना गया डंपर बरामद
चरखी दादरी। सदर थाना पुलिस ने दो जून को समसपुर के समीप से गन प्वाइंट पर छीने गए डंपर को बरामद कर लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए पांचों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने यह बरामदगी की है। डंपर के अलावा पुलिस टीम ने वारदात में प्रयोग की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली है। दोनों वाहनों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि दो जून को चालक मनोज डंपर लेकर दिल्ली की तरफ जा रहा था। जैसे ही चालक समसपुर गांव के समीप पहुंचा तो इसी दौरान डिजायर कार ने ओवरटेक कर डंपर को रुकवा लिया। इसके बाद कार में सवार पांच लोग नीचे उतरे और चालक मनोज की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद मनोज डंपर से नीचे उतर गया और कार सवार डंपर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने गत शुक्रवार को इस मामले के पांच आरोपियों को पकड़ा था। इनकी शिनाख्त कलाली निवासी सूरजमल व कुलदीप, सोनीपत के बरौदा निवासी शांतनु, रोहतक के कलवाड़ निवासी मोहित, व लुधियाना निवासी सुरजीत के रूप में हुई थी। पुलिस ने इन्हें कोर्ट में पेश कर डंपर की बरामदगी के लिए रिमांड पर लिया था। रिमांडवधि के दौरान पुलिस ने आरोपियों से दो वाहनों की रिकवरी कर इन्हें जेल भेज दिया।