अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हेल्थ यूनिवर्सिटी ने न्यूरोसर्जरी विभाग में कांट्रेक्ट के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के पांच पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इनके साक्षात्कार 7 जुलाई को होंगे। ट्रामा सेंटर जल्द से जल्द शुरू करने के लिए पीजीआई प्रबंधन इनकी नियुक्ति तुरंत करना चाहता है। वीसी डॉ. ओपी कालरा इसी प्रयास में हैं।
दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के हस्तक्षेप के बाद पीजीआईएमएस प्रशासन पर ट्रामा सेंटर को चालू करने का दबाव है। संस्थान के आपात विभाग में आने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए न्यूरो सर्जन की जरूरत और बढ़ गई है। सूत्रों की मानें तो जिम्मेदार अधिकारी अब इस प्रोजेक्ट को किसी भी सूरत में शुरू करना चाहते हैं।
इसीलिए पीजीआई ने प्रबंधन ने विज्ञापन निकाला है। अधिकारियों ने नए आवेदन मांगकर स्थिति को संभालने की कोशिश की है। एक्सपर्ट की मानें तो किसी भी ट्रामा सेंटर में न्यूरोसर्जन की सीटें पूरी होना जरूरी है। लेकिन सच्चाई यह भी है कि प्रदेश में न्यूरो सर्जन की कमी है। एनसीआर क्षेत्र में जो न्यूरोसर्जन हैं, उनका सैलरी पैकेज इतना है कि वह पीजीआई के डॉक्टरों से मेल नहीं खाता।