अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन हरियाणा ने मंगलवार को कनिष्ठ अभियंता जगजीत मलिक के निलंबन पर विरोध जताते हुए धरना दिया। सातवें दिन धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान रोहतास दहिया ने की। संचालन वेद प्रकाश शर्मा ने किया।
सर्कल कार्यालय में चल रहे प्रदर्शन में प्रांतीय सचिव राजेश रुहिल और जिला प्रधान रोहतास दहिया ने बताया कि 22 जून 2017 को अधीक्षक अभियंता परिमंडल ने एसोसिएशन के शिष्टमंडल को अपने कार्यालय में बुलाकर आश्वासन दिया था कि वह विभाग के प्रमुख अभियंता से बात करेंगे। इसके बाद वे सोमवार को निलंबित कनिष्ठ अभियंता जगजीत मलिक को बहाल करवा देंगे। इसके बाद भी अधिकारी ने इस विषय पर गंभीरता नहीं दिखाई है।
संगठन ने अब तय किया है कि पूर्व ऑडिटर धर्मपाल नांदल के नेतृत्व में टीम बनाकर एसोसिएशन से संबंधित विभागों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बुधवार से धरने का विस्तार किया जाएगा। इस मौके पर नरेश कटारिया, इंद्र सिंह, मुकेश कुमार, सुरेंद्र, अनिल मलिक, वेद प्रकाश और विजय कुमार मौजूद रहे।