अवैध पिस्तौल और कारतूसों समेत दो गिरफ्तार
चरखी दादरी।
सीआईए स्टाफ की टीम ने चंपापुरी क्षेत्र से दो युवकों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस को दो पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए एक आरोपियों में से एक सिटी थाना में दर्ज तीन मामलों में वांछित है।
पिछले काफी दिनों से पुलिस को चंपापुरी निवासी दो युवकों के पास अवैध हथियार होने की शिकायतें मिल रही थी। इसी आधार पर वीरवार को पुलिस अधीक्षक सुनील दलाल ने सीआईए की दो टीमें गठित की। इनमें एक टीम के इंचार्ज मक्खन सिंह ने दबिश देकर चंपापुरी निवासी अनिल उर्फ श्यामी को गिरफ्तार किया। पुलिस को उसके पास से एक 9 एमएम की पिस्टल व एक कारतूस बरामद हुआ। वहीं दूसरी टीम इंचार्ज प्रधान सिपाही संदीप मलिक ने कार्रवाई करते हुए चंपापुरी निवासी अजय को दबोचा। जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास 32 बोर का अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। आरोपी अनिल उर्फ स्यामी पर सिटी थाने में तीन मामले दर्ज हैं।