जिले में कोरोना के 27 सक्रिय मरीज रह गए हैं। इसमें से 12 पीजीआईएमएस व निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इसके अलावा 15 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। शनिवार को दो नए मरीज मिले। सुभाष नगर की 25 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई है। जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 25 हजार 808 हो गई है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला के अनुसार जिले में संक्रमण लगातार घट रहा है और अब तक 25 हजार 227 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। उपचार के दौरान अब तक 554 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 710 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। गौरतलब है कि जिले में 5.54 प्रतिशत कोरोना संक्रमण है और रिकवरी दर 97.74 प्रतिशत है।
जींद व कुरुक्षेत्र से आए ब्लैक फंगस के मरीजों ने तोड़ा दम
पीजीआईएमएस में ब्लैक फंगस के उपचाराधीन मरीजों में से जींद व कुरुक्षेत्र के मरीजों ने दम तोड़ दिया है। उपचार के दौरान दम तोड़ने वालों में 22 साल का युवक कुरुक्षेत्र से और 54 साल का व्यक्ति जींद से है। संस्थान में ब्लैक फंगस के 121 मरीज भर्ती हैं। शनिवार को डॉक्टरों ने दस मरीजों का ऑपरेशन किया है और संस्थान को सरकार से 200 इंजेक्शन मिले हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में ब्लैक फंगस के 89 मरीज हैं। इसमें सक्रिय मरीजों की संख्या 74 है।
3 लाख 35 हजार को लगाया जा चुका टीका
स्वास्थ्य विभाग जिले में शनिवार तक करीब 3 लाख 35 हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगा चुका है। शनिवार को 2611 लोगों को पहली व 1135 को दूसरी डोज लगी।