विजेंद्र कौशिक
रोहतक। कभी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ रहे रोहतक जिले में भाजपा लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पटकनी देने की सोच रही है। मेयर चुनाव में कांग्रेस को शिकस्त दे चुकी भाजपा का अब पूरा फोकस कलानौर हलके पर आ गया है। यही कारण है कि पांच साल पहले जिस सतगामा ने भाजपा की जीती हुई बाजी पलट दी थी, उसी जमीं पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल 10 फरवरी को विकास रैली करेंगे।
1977 से एससी वर्ग के लिए आरक्षित कलानौर विधानसभा सीट से 2009 में कांग्रेस की शकुंतला खटक विधायक बनीं। 2014 में भी कांग्रेस ने उन्हें ही मैदान में उतारा। भाजपा प्रत्याशी रामअवतार वाल्मीकि ने उनको कड़ी टक्कर दी। कलानौर हलके के प्रारंभिक चरणों में रामअवतार वाल्मीकि खटक से आगे चल रहे थे। सभी यह मान रहे थे कि अबकी बार भाजपा बाजी मार जाएगी, लेकिन आखिरी चरण में हलके के गांव बलियाना, खेड़ी साध, पहरावर, कन्हेली, सुनारिया खुर्द, सुनारियां कलां, बालंद, करौंथा, शिमली, मायना, माड़ौदी व गरनावठी की गणना हुई। खटक को इस एरिया में एकतरफा वोट मिली। खटक ने न केवल रामअवतार वाल्मीकि की लीड को खत्म किया, बल्कि 3 हजार 972 वोटों से जीत हासिल की।
एरिया पर भाजपा का फोकस, ग्रोवर बोले- हुड्डा ने किया किसानों को भूमिहीन
कलानौर हलके के जाट बाहुल्य इस एरिया पर भाजपा का विशेष फोकस है। विदेश दौरे से लौटते ही सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर बुधवार को सीएम की विकास रैली को लेकर गांव बालंद, रिटौली, कबूलपुर, करौंथा, शिमली, मायना व कलानौर में पहुंचे और ग्रामीणों को संबोधित किया। मंत्री ने कहा कि सीएम मनोहर ने जहां अपनी तीन एकड़ जमीन में से एक एकड़ दान दे दी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चौधर का नारा देकर किसानों की जमीन सस्ते दामों पर खरीदकर रियल स्टेट के कारोबारियों को बेच दी। ग्रोवर ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसानों की जमीन हड़ने वाले व्यक्ति बच नहीं पाएंगे। इस अवसर पर रामअवतार वाल्मीकि, मंत्री के मीडिया सलाहकार नवीन नैन, संदीप बुधवार, सतीश शर्मा, गुलशन दुआ, अजय खुंडिया, राजकुमार सुनारिया, राहुल, प्रीत सिंह, हरिश कौशिक, जितेंद्र भारत, चिम्मा, कुलविंद्र सिंह सिक्का, मंजीत, जगबीर, सुभाष व नरेंद्र भोलू भी मौजूद रहे।