हरियाली तीज
------
सास, ननद, देवरानी और जेठानी संग होगी पहली हरियाली तीज
-ससुराल में पहली हरियाली तीज को लेकर नवविवाहिताओं में उत्साह और उमंग
निशा ढुल
रोहतक। शादी के बाद ससुराल में अपनी पहली हरियाली तीज को लेकर नवविवाहिताएं उत्साह व उमंग से भरपूर हैं। उनके लिए यह पहला मौका होगा, जब वे पहली बार अपनी सास, ननद, देवरानी और जेठानी के साथ हरियाली तीज मनाएंगी। तीज के दिन मेहंदी लगाने और सजने-संवरने की तैयारी पहले ही हो गई थीं। शादी के बाद पहली हरियाली तीज को स्पेशल बनाने के लिए नवविवाहिताएं कोई कसर नहीं रखना चाहती हैं। अमर उजाला से बातचीत में नवविवाहिताओं ने अपने नए अनुभव साझा किए।
पहली हरियाली तीज लग रही स्पेशल : बबीता
बबीता पवन कादियान का विवाह पिछले वर्ष जुलाई में हुआ है। ससुराल में यह उनकी पहली तीज होने जा रही है। तीज का दिन नजदीक आने के साथ ही हर दिन स्पेशल होता जा रहा है। बताया कि शादी के पहले हरियाली तीज का खास उत्साह नहीं था, लेकिन ससुराल की पहली तीज को लेकर उत्साहित हैं। परिवार की सभी महिला सदस्य इस मौके पर एक साथ होंगी। यह हरियाली तीज यादगार होने वाली है।
ससुराल की पहली तीज भी होगी ज्यादा खास : ज्योति
ज्योति सुमित मून की शादी पिछले वर्ष फरवरी में हुई थी। शादी के बाद यह उनकी दूसरी हरियाली तीज है, लेकिन ससुराल में पहली होने वाली है। वह बताती हैं कि बुजुर्गों से सुनती थी कि पहला सावन खास होता है, लेकिन महसूस शादी के बाद ही हुआ। यह तीज खास होने वाली है। पहली तीज मायके में हुई थी, लेकिन सास, ननद और भाभियों से बेहद प्यार मिला। पति ने फूलों का झूला भी गिफ्ट किया था।
पहली तीज मायके में होगी, बेसब्री से इंतजार ज्योति रवि धनखड़
ज्योति रवि धनखड़ की शादी पिछले वर्ष नवंबर में हुई थी और यह उनकी पहली तीज होगी। हालांकि, परंपरा के मुताबिक यह तीज मायके होगी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद पहली तीज को लेकर खुशी बहुत है। ससुराल में भी तीज को लेकर तैयारी चल रही हैं। सास, ननद, पति और देवर से सरप्राइज मिलने का इंतजार है। फिर से दुलहन की तरह तैयार होने का मौका मिलेगा।
13 अगस्त को है हरियाली तीज
सावन के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 13 अगस्त को हरियाली तीज का त्योहार है। शुभ मुहूर्त सुबह 8:36 बजे शुरू हो जाएगा।