फतेहाबाद से सिरसा आ रही कार से एक किलो हेरोइन बरामद, चालक गिरफ्तार
हिसार रोड स्थित दिल्ली पुल के पास सीआईए ने सूचना पर लगाया था नाका
पुलिस अधीक्षक का दावा है कि बरामद हेरोइन की कीमत एक करोड़ रुपये है
सिरसा। पुलिस ने फतेहाबाद की ओर से सिरसा आ रही एक कार से एक किलो ग्राम हेरोइन बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर का दावा है कि बरामद हेरोइन की कीमत एक करोड़ रुपये है। पूछताछ में कार चालक की पहचान सिरसा की न्यू हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। प्रवीण पहले ऑटो रिक्शा चलाता था।
पुलिस के अनुसार डबवाली सीआईए पुलिस ने सूचना मिलने पर एएसआई राजेश के नेतृत्व में मंगलवार तड़के हिसार रोड स्थित दिल्ली पुल के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस ने फतेहाबाद की तरफ से आ रही एक कार को रुकवाया और तलाशी लेने पर पुलिस को कार की पिछली सीट के नीचे एक डिब्बा मिला। पुलिस ने डिब्बा खोला तो सारा डिब्बा हेरोइन से भरा हुआ था। पुलिस ने इसकी जानकारी डीएसपी रविंद्र सिंवर को दी। डीएसपी मौके पर पहुंचे तो पुलिस ने उनके समक्ष हेरोइन का वजन किया। वजन करने पर बरामद हेरोइन एक किलोग्राम निकली। इस पर सीआईए ने कार चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम प्रवीण निवासी न्यू हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर का कहना है कि आरोपी प्रवीण दिल्ली से हेरोइन की खेप लेकर आया था।
हिरासत में सरगना, पुलिस बता रही है फरार
पुलिस इस मामले में अधिकांश जानकारी छुपा रही हैं। दरअसल डबवाली सीआईए ने सोमवार रात करीब 12 बजे डबवाली वार्ड निवासी कपिल उर्फ किम्मी की तलाश करते हुए सिरसा पहुंची। सीआईए ने सिरसा क्षेत्र से कपिल को हिरासत में लिया। सीआईए को सूचना मिली थी कि कपिल के पास हेरोइन की बड़ी खेप है। उससे पूछताछ में पता चला कि हेरोइन की खेप मंगलवार तड़के दिल्ली से सिरसा आएगी। उसकी कार में सारा माल सिरसा आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली पुल पर मोर्चा संभाल लिया। जैसे ही कपिल की कार लेकर चालक प्रवीण दिल्ली पुल के पास पहुंचा सीआईए कार रुकवाकर उसे दबोच लिया। पुलिस ने कार चालक प्रवीण की गिरफ्तारी तो कागजों में दिखा दी है लेकिन देर रात दबोचे सरगना कपिल के बारे में सीआईए का कहना है कि उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
ममेरे भाई पर भरोसा कर बैठा प्रवीण
न्यू हाऊसिंग बोर्ड निवासी प्रवीण कुछ समय पहले तक किराये पर ऑटो रिक्शा चलाता था। उसके परिवार में उसकी पत्नी व दो बच्चे हैं। किराये पर ऑटो रिक्शा चलाने पर प्रवीण को खास कमाई नहीं होती थी। वह 10 से 12 हजार रुपये महिला कमाता जिसमें परिवार का पालन पोषण काफी मुश्किल से होता था। कुछ दिनों पहले प्रवीण की मुलाकात अपने ममेरे भाई डबवाली निवासी कपिल से हुई। कपिल ने प्रवीण को दिल्ली से उसका सामान लेकर आने के लिए उसे अपनी कार दे दी और उसे डबल दिहाड़ी देने लगा। दिल्ली से सामान लाने पर उसे एक दिन में पांच हजार रुपये मिल जाते। प्रवीण अपने ममेरे भाई के कामकाज से ज्यादा वाकिफ नहीं था। न ही उसने कभी उसका सामान चैक करने की कोशिश की। दिल्ली पहुंचने पर एक शख्स उसे कपिल का सामान सौंप देता और वह सामान लेकर सिरसा चला आता। ममेरे भाई पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करना प्रवीण को भारी पड़ गया।
तीन वर्षों में एनडीपीएस के 932 केस दर्ज
वर्ष केस
2015 311
2016 231
2017 200
2018 190
तीन वर्षों मेें 1284 तस्कर हुए गिरफ्तार
वर्ष केस
2015 423
2016 277
2017 304
2018 280
बॉक्स
वर्जन
आरोपी प्रवीण को एक किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। प्रवीण दिल्ली से कार में हेरोइन लेकर सिरसा आ रहा था। पूछताछ में पता चला है कि हेरोइन की खेप कार मालिक कपिल निवासी डबवाली, हाल निवासी सिरसा ने मंगवाई थी। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। कार मालिक की तलाश में पुलिस उसके ठिकाने पर दबिश दे रही है।
दलीप सिंह, इंचार्ज सीआईए डबवाली।
हेरोइन के नशे की चपेट में पंजाबी बाहुल्य रानियां क्षेत्र सबसे ज्यादा आ रहा है। डबवाली और सिरसा में भी हेरोइन की काफी बिक्री हो रही है। एक ग्राम हेरोइन की कीमत पांच हजार रुपये है। हेरोइन की नशे जकड़े युवा ही अब स्वयं इसकी तस्करी भी जुड़ने लगे हैं। मार्च से लेकर 10 जुलाई तक पुलिस दो किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन तस्करों जब्त कर चुकी । पकड़ में आए अधिकांश तस्कर 25 से 35 वर्ष के युवा निकले।
दो राज्यों की सीमा से जुड़ने के कारण सप्लाई बनी आसान
सिरसा में नशीले पदार्थों की तस्करी का मुख्य कारण यह भी है कि ये जिला पंजाब और राजस्थान सीमा से सटा हुआ है। राजस्थान से अफीम व चूरा पोस्त सिरसा में लाई जाती है। यहां से इसे हरियाणा और पंजाब में सप्लाई कर दिया जाता है। इसके अलावा हेरोइन, नशीली दवा की तस्करी भी खूब हो रही है। सबसे ज्यादा हालत डबवाली , कालांवाली व रानियां विधान सभा क्षेत्र की खराब है।
डीजल टैंक के ढक्कन के नीचे छुपाकर ला रहे 65 ग्राम हेरोइन समेत तीन लोग गिरफ्तार
ओढां। नशे के खिलाफ चलाए विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा ने इनोवा सवार 3 लोगों को 65 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। हेरोइन की कीमत तकरीबन 2 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ ओढां थाना में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है।
सीआईए पुलिस को सूचना मिली थी कि इनोवा सवार कुछ लोग दिल्ली से हेरोइन की खेप लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को पन्नीवाला मोटा के निकट काबू कर लिया। सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी बिल्ला व अमन दोनों की सीआईए पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गाड़ी में खास जगह पर छुपाकर रखी 65 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपियों की पहचान डबवाली निवासी संदीप कुमार, राजेन्द्र उर्फ भूरिया व सतीश कुमार के रूप में हुई है। थाना प्रभारी काशीराम बैनीवाल ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
रोहतक में गाड़ी रोक दिल्ली से लाए थे हेरोइन
आरोपी संदीप उर्फ भूरिया डबवाली निवासी रामस्वरूप सेठी की इनोवा गाड़ी पर चालक है। लोहगढ़ निवासी बिल्ला सिंह व डबवाली निवासी अमन दोनों ने रोहतक जाने के लिए गाड़ी किराए पर ली थी। इसी दौरान संदीप का दोस्त राजेन्द्र व सतीश भी साथ हो लिए। पांचों लोगों ने गाड़ी को रोहतक पार्किंग में खड़ा किया और बस पर सवार होकर दिल्ली पहुंच गए। जहां बिल्ला व अमन ने दिल्ली के तस्कर प्रिंस से हेराइेन खरीदी। सभी लोगों ने पहले तो नशे की पूर्ति की और फिर हेरोइन को गाड़ी के डीजल टैंक के ढक्कन के नीचे छुपा दिया। ताकि पुलिस को ढूंढने पर भी न मिले। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों को पन्नीवाला मोटा के निकट धर दबोचा। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर दिल्ली के तस्कर प्रिंस तक पहुंचेगी। आरोपी संदीप को गाड़ी पर ड्राइविंग करने की एवज में 4 हजार रुपये व चक्कर के पीछे कमीशन मिलता था। लेकिन वह पिछले 2 वर्ष से नशे का इस कदर गुलाम बना कि अपने वेतन से ज्यादा राशि नशे की पूर्ति में लगा देता था। संदीप ने पश्चाताप करते हुए कहा कि वह इस लत से बाहर निकलना चाह रहा था। लेकिन चिकित्सक ने नशा छुड़वाने की एवज में काफी पैसे मांगे।
फोटो: 05
690 ग्राम हेरोइन का आरोपी 46 दिनों बाद भी है फरार
सिरसा। 24 मई को तत्कालीन एएसपी नरेंद्र बिजारणियां के नेतृत्व में डबवाली सीआईए ने गदराना क्षेत्र मेें एक कार से 690 हेरोइन बरामद की थी। कार में सवार आरोपी गोविंद उर्फ चेत सिंह निवासी गदराना पुलिस टीम को दूर से देखते ही कार छोड़कर फरार हो गया था। बरामद हेरोइन की कीमत 35 लाख रुपये थी। सीआईए ने कालांवाली थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवा तो दिया, लेकिन 46 दिनों बाद भी डबवाली सीआईए तस्कर गोविंद उर्फ चेत सिंह को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी गिरफ्तार से बचने के लिए पिछले डेढ़ महीने से अग्रिम जमानत लेने की फिराक में है। सिरसा जिला अदालत गोविंद की अग्रिम जमानत खारिज कर चुकी है। इस मामले में सीआईए व कालांवाली थाना पुलिस की कार्यप्रणाली शुरू से ही संदिग्ध बनी हुई है।
फोटो नंबर 11: पुलिस गिरफ्त में एक किलोग्राम हेरोइन सहित पकड़ा गया आरोपी प्रवीण।
फोटो नंबर 12: मीडिया से बातचीत करते पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर।