अमर उजाला एक्सक्लूसिव
हरियाणा में भी जल्द आठ घंटे की शिफ्टों में ड्यूटी देंगे पुलिसकर्मी, छुट्टियों की भी नो टेंशन
- डीजीपी बोले- 7200 पुलिसकर्मियों के भर्ती होते ही व्यवस्था कर दी जाएगी लागू
15 अगस्त के बाद लागू की जा सकती है व्यवस्था
महबूब अली
रोहतक। प्रदेश के पुलिस कर्मियों के लिए खुशखबरी है। 7,200 पुलिसकर्मियों की भर्ती होने के तुरंत बाद ही प्रदेश में भी दिल्ली की तर्ज पर पुलिसकर्मियों की शिफ्टों में ड्यूटी शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए पुलिस अधिकारी तानाबाना बुनने में जुटे हुए हैं। डीडीपी का कहना है कि 15 अगस्त के बाद व्यवस्था लागू की जा सकती है।
प्रदेश के डीजीपी बीएस संधू ने फोन पर अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि अकसर देखने में आता है कि पुलिसकर्मियों की कमी के कारण कई बार छुट्टियां नहीं मिल पाती हैं। जिसके कारण कर्मचारी टेंशन में रहते हैं। हालांकि हरियाणा में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देना शुरू कर दिया गया है। जल्द ही 7,200 पुलिसकर्मियों की भर्ती निकल रही है। निर्णय के तहत भर्ती के तुरंत बाद ही पुलिस कर्मियों की दिल्ली की तर्ज पर शिफ्ट वाइज ड्यूटी लागू कर दी जाएगी। शुरुआत में कुछ जिलों में व्यवस्था लागू की जाएगी। सफल होने पर इसे अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। फिलहाल जिन जिलों में पहले इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा, उन पर जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा।
- एमरजेंसी में ही देनी होगी आठ घंटे से ज्यादा ड्यूटी
डीजीपी बीएस संधू ने बताया कि व्यवस्था लागू होने के बाद एक पुलिसकर्मी 8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी देगा। हालांकि इमरजेंसी में आठ घंटे से अधिक भी ड्यूटी कराई जा सकती है। इसके अलावा प्रयास किया जाएगा कि पुलिसकर्मियों को मांगने पर तुरंत ही छुट्टी दे दी जाए। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर निर्देश दिया गया है कि अगर पुलिस कर्मियों की किसी तरह की कोई परेशानी है तो उसका तत्काल निदान किया जाए। ताकि वे तनाव मुक्त होकर काम कर सकें।