प्रदेश के चार जिलों के लिए रोहतक में होगी सेना भर्ती
- लिए जाएंगे ऑनलाइन आवदेन, आधार कार्ड है आवेदन के लिए अनिवार्य
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सेना भर्ती कार्यालय रोहतक की ओर से रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत के लिए तीन से 12 अगस्त 2018 तक सेना भर्ती रैली राजीव गांधी खेल स्टेडियम में होगी। सेना भर्ती कार्यालय रोहतक के भर्ती निदेशक कर्नल रजत एस चौधरी ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी।
भर्ती निदेशक ने बताया कि सेना में भर्ती होने के इच्छुक नौजवान चार जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जोकि 18 जुलाई तक चलेगी। ऑनलाइन आवेदन के लिए आधार नंबर की प्रविष्टि अनिवार्य है। किसी और का आधार नंबर डालने पर प्रवेश कार्ड पर बार कोड के जरिए धोखाधड़ी करने वाला पकड़ा जाएगा। भर्ती रैली स्थल पर उम्मीदवारों को पेयजल व शौचालय की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके साथ ही भर्ती के लिए आने वाले नौजवानों को खाना भी साथ लाने के लिए कहा गया है। सैंपल प्रश्न पत्र को लेकर भी उमीदवार किसी के बहकावे में न आएं। कार्यालय की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in से सैंपल प्रश्नपत्र डाउनलोड किया जा सकता है। पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी व कंप्यूटर पर आधारित होगी।
- टैटू करवा सकता है आपको रिजेक्ट
नाम अथवा धार्मिक आस्था से अलग हटकर शरीर पर बनवाया गया टैटू होने पर उम्मीदवार को रिजेक्ट किया जा सकता है। भर्ती में हाथ के निर्धारित स्थान पर या मुट्ठी के ऊपर वाले हिस्से पर टैटू को अनुमति प्रदान की गई है। प्रत्येक उमीदवार की कलाई पर पट्टा बांधा जाएगा ताकि फर्जी लोगों को पकड़ा जा सके। दौड़ के उपरांत उमीदवारों की डोपिंग जांच भी कराई जाएगी।
- भर्ती है निशुल्क, पैसे मांगने वालों की करें शिकायत
सेना में भर्ती नि:शुल्क है और पहले दिन से लेकर ट्रेनिंग सेंटर जाने तक कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता है। भर्ती के नाम पर पैसा मांगने वालों की शिकायत सेना के अंबाला व दिल्ली स्थित कार्यालयों के अलावा आईबी एवं नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दी जा सकती है।