अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। एमडीयू जल्द ही करीब आठ करोड़ के निर्माण कार्य शुरू होंगे। खास बात यह है कि सबसे अधिक फायदा यूनिवर्सिटी की लाइब्रेरी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को होगा। अब उन्हें भीड़भाड़ या जमीन पर बैठकर पढ़ने की जरूरत नहीं होगी। लाइब्रेरी के विस्तार के लिए हरी झंडी मिल गई और जल्द ही करीब पांच करोड़ की लागत से एक और नई बिल्डिंग का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
दरअसल, यूनिवर्सिटी की स्वामी विवेकानंद लाइब्रेरी में हर रोज करीब तीन से चार हजार विद्यार्थी पढ़ने के लिए जाते हैं। इसमें करीब 1500 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि बाकी विद्यार्थी जमीन पर बैठकर पढ़ते हैं। किताबों का स्टॉक भी यहां पर सबसे अधिक है। सभी विषयों की करीब तीन लाख 60 हजार किताबें लाइब्रेरी में रखी गई है। लाइब्रेरी में जगह कम और छात्रों की अधिक संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने इसके विस्तार का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव पर मंजूरी के बाद अब करीब पांच करोड़ का बजट पास कर दिया। जल्दी ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लाइब्रेरी के नजदीक चल रही कैंटीन के पास एक और नई बिल्डिंग बनायी जाएगी। इस बिल्डिंग में रीडिंग हॉल से लेकर अन्य सभी सुविधाएं रहेंगी, जिससे विद्यार्थी वहां पर आराम से बैठकर पढ़ सकेंगे।
छह नए फ्लैट भी बनेंगे
इसके अलावा यूनिवर्सिटी कैंपस में छह नए फ्लैट के निर्माण को भी मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ का बजट पास किया गया है। यह फ्लैट यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के लिए होंगे। यूनिवर्सिटी के शिक्षकों की तरफ से काफी समय से फ्लैट बनाने की मांग की जा रही थी। इसके लिए अब बजट पास कर दिया गया है। यह फ्लैट हाल ही में बने 12 नए फ्लैट के पास बनाए जाएंगे।
जमीन पर न हो कब्जा, बनेगी बाउंड्री
झज्जर रोड पर यूनिवर्सिटी की खाली पड़ी जमीन की भी बाउंड्री की जाएगी, जिससे वहां पर कोई कब्जा न कर सके। बता दें, कि हाल ही में गोशाला के लिए यूनिवर्सिटी की जमीन पर कब्जा करने का प्रकरण चल रहा है। भविष्य में कोई भी यूनिवर्सिटी की जमीन पर कब्जा न कर सके, इसके लिए करीब सवा करोड़ के बजट से खाली पड़ी जमीन की बाउंड्री की जाएगी।
वर्जन
लाइब्रेरी के विस्तार, नए फ्लैट और बाउंड्री के निर्माण के लिए बजट पास कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
- जगदीश दहिया, एक्सईएन, एमडीयू