जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 3720 और रोहतक में 115 तक पहुंच गया। अब जिला संक्रमितों की कुल संख्या में प्रदेश में चौथे नंबर पर आ चुका है। शुक्रवार को आठ नए मरीज संक्रमित मिले। चिंता की बात यह है कि पहले पचास का आंकड़ा पार करने में 59 दिन का समय लगा था, जबकि अब पांच दिनों में ही संक्रमितों की संख्या 115 पहुंच गई है। जिले में अब तक 29 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं जबकि एक मरीज की मौत हो चुकी है। दो अप्रैल को दिल्ली इलाज कराने गई महिला जिले में पहली कोरोना पॉजिटिव मिली थी। जिसके बाद धीरे-धीरे आंकड़ा बढ़ता गया। 28 मई को जिले में पहली बार एक साथ पांच संक्रमित मिले। तब से ही लगातार कोरोना पॉजिटिव मामलों में उछाल आया है। 31 मई को जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51 पर पहुंच गई थी।
पांच सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों वाले जिले
जिला संक्रमित डिस्चार्ज
गुरुग्राम 1563 332
फरीदाबाद 615 171
सोनीपत 332 158
रोहतक 115 29
झज्जर 107 92
राहत : डॉ. ध्रुव की मां, डॉक्टर पत्नी, डीसी-एसपी समेत चार अफसरों की रिपोर्ट निगेटिव
प्रदेश के प्रमुख नोडल अधिकारी कोविड-19 डॉ. ध्रुव चौधरी की मां व नेत्र रोग विशेषज्ञ पत्नी की शुक्रवार को जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इसके अलावा नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुव चौधरी की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के उपरांत जिला उपायुक्त आरएस वर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल तथा रोहतक रेंज के आईजी का करोना टेस्ट किया गया था। इन सभी अधिकारियों की रिपोर्ट निगेटिव आने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में जिले में आठ नये केस मिलाकर अब तक 115 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि की गई है। इसमें से महज 94 ही एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले दिनों की तुलना में शुक्रवार को कम कोरोना के पॉजिटिव केस मिले हैं। दिन में हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर दो, गांधरा गांव व पटेल नगर के लोगों को कोरोना संक्रमण मिला है। ये कोरोना मरीजों के कांटेक्ट में आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि कोरोना मरीजों की कांटेक्ट हिस्ट्री तलाश कर सभी की जांच करवाई जा रही है। इसके अलावा मरीज के एरिया को कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। इसके अलावा जवाहर नगर से दो जनसेवा संस्थान से दो, पीजीआईएमएस से एक डॉक्टर व भैणी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर दो, पटेल नगर व गांधरा से भी कोरोना के संक्रमित मरीज मिले हैं।
मरीजों की बढ़ रही संख्या, इसलिए बदलेंगी व्यवस्थाएं : डॉ. वरुण
पीजीआईएमएस के जनसंपर्क अधिकारी व कोविड कंट्रोल रूम के प्रभारी डॉ. वरुण अरोड़ा ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसको देखते हुए जल्द ही कुछ व्यवस्थाओं में परिवर्तन किया जाएगा। सभी मरीजों को एक बिल्डिंग में रखेंगे, यदि अधिक बेडों की जरूरत होगी तो नई बिल्डिंग का प्रयोग किया जाएगा।
डॉ. अरोड़ा ने बताया कि कोविड के मरीज सीधा ट्रामा सेंटर कोविड अस्पताल में जाएंगे। इसके अलावा वार्ड 240 25, 26 में संदिग्ध मरीजों को रखा जाएगा। इससे हम संक्रमण को फैलने से रोक सकते हैं। अभी संदिग्ध मरीजों के सैंपल सी-ब्लॉक में ही लिए जा रहे हैं। इसके अलावा संस्थान में अभी करीब 100 एक्टिव केस दाखिल हैं। इसके अलावा करीब 40 के सामान्य लक्षण व बगैर लक्षण वाले अपनी इच्छा से होम क्वारंटीन करने की शर्त पर घर जा चुके हैं। फिलहाल किसी का दबाव नहीं है कि वह घर ही जाए। जो होम क्वारंटीन की शर्तों को पूरा करता है, उसे ही घर भेजा जाता है।