जिले में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले भर में पचास स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। हर कार्यक्रम में कोरोना की हिदायतों का पालन करते हुए सिर्फ पचास लोग ही शामिल हो सकेंगे। उक्त बातें डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने अपने कार्यालय में बैठक कर तैयारियों का जायजा लेने के दौरान कहीं हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गाइडलाइन के अनुसार जल्द से जल्द पचास कार्यक्रम स्थलों की पहचान करें। हर मंडल में कम से कम 15 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रम स्थलों में व्यायामशाला, स्टेडियम, कॉलेज, स्कूल, पार्क या कोई अन्य ऐसा स्थान हो सकता है। सरकार ने फैसला लिया है कि इन कार्यक्रमों में सिर्फ पचास लोग ही शामिल होंगे और कोरोना का उचित व्यवहार भी सुनिश्चित करना होगा। मास्क पहनना होगा, सामाजिक दूरी बनानी होगी और सफाई रखनी होगी।
शहर में पांच स्थान चिह्नित
रोहतक शहर में कार्यक्रम के लिए पांच स्थान चिह्नित किए गए हैं, जिनमें राजीव गांधी खेल परिसर, हुडा सिटी पार्क, मानसरोवर पार्क, पुरानी आईटीआई स्थित पार्क और हुडा कॉम्प्लेक्स पार्क शामिल हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इन सभी जगहों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाए। पीने के पानी, सुरक्षा और यातायात का प्रबंध किया जाए।
45 मिनट का होगा कार्यक्रम
हर जगह 45 मिनट का योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। डीसी कैप्टन मनोज ने सभी साइट्स को अच्छी तरह सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18, 19, 20 जून को सुबह 7-7.45 बजे तक रिहर्सल होगी। कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों के बीच छह फीट की दूरी होना जरूरी है। योग दिवस कार्यक्रम को लेकर एडीसी महेंद्र पाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। बैठक में एसडीएम राकेश सैनी, सीटीएम ज्योति मित्तल, डीआरओ पूनम बब्बर, डीईओ डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल, डीआईओ जितेंद्र मलिक, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुषमा नैन, डिप्टी डीईओ अनिल हुड्डा, पतंजलि के दया आर्य, जगबीर आर्य, एएमओ डॉ. हितेष कुमार, डॉ. भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे।