पठानकोट में आतंकियों से जंग के बीच रोहतक में एक युवक से कारतूसों का जखीरा बरामद होने से हड़कंप मच गया। बस स्टैंड पर एक बस में तलाशी के दौरान युवक के बैग से 42 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आतंकी गतिविधि के शक ने दहशत को और बढ़ा दिया।
आनन-फानन में भारी पुलिस बल बस स्टैंड पर पहुंचा और सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई। युवक को पहले बस स्टैंड चौकी पर ले जाया गया और बाद में अर्बन एस्टेट थाने में। मुकेश नामक युवक ने खुद को यूपी के अलीगढ़ शहर का रहने वाला बताया है। देररात तक पूछताछ जारी रही। घटना नए बस स्टैंड पर रविवार दोपहर 12 बजे की है।
पुलिस के मुताबिक पंजाब के पठानकोट में आतंकी हमला होने के बाद जिले भर में अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस दोपहर 12 बजे बस स्टैंड पर भी चैकिंग अभियान चला रही थी। पुलिस ने रोहतक डिपो से अलीगढ़ जाने वाली बस में यात्रियों और उनके सामान की तलाशी शुरू की।
इसी दौरान जब अलीगढ़ निवासी मुकेश के बैग पर डिटेक्टर घुमाया तो पुलिस के कान खड़े हो गए। डिटेक्टर लगातार बीप साउंड कर रहा था। बैग में रखे सामान के बारे में पूछा तो मुकेश चुप रहा। इससे पुलिस का शक और बढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने बैग खोलकर देखा तो एकबारगी सभी के होश उड़ गए।
बैग में भारी मात्रा में कारतूस भरे हुए थे। यात्रियों को कारतूस के बारे में भनक लगी तो बस से उतरने लगे और भीड़ जुट गई। लेकिन पुलिस ने स्थिति को सामान्य किया और लोगों को दहशत में नहीं आने के लिए कहा। पुलिस ने मुकेश को पकड़ लिया और बैग कब्जे में लेकर जांच की तो बैग से 42 कारतूस बरामद हुए। पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देकर भारी पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
एएसआई प्रवीन ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान अलीगढ़ के मुकेश कुमार के रुप में हुई है। पुलिस पूछताछ में मुकेश ने बताया कि उसकी अलीगढ़ में राजीव शर्मा एंड संस नाम से हथियारों की दुकान है। वह सिरसा में अमित की दुकान से गोलियां खरीदने आया था।
उसने दुकान का बिल और अलीगढ़ डीएम से जारी किया गया अनुमति प्रमाण पत्र और परमिट से जुड़े द स्तावेज दिखाए। पुलिस ने अलीगढ़ में संपर्क साधकर जानकारी को पुख्ता करने का प्रयास किया तो अवकाश के कारणकोई व्यक्ति ऑफिस में नहीं मिल सका।