अब टोल से गुजरने वाले फौजियों को सलामी देकर बढ़ाया जाएगा मनोबल
हरियाणा के सभी टोल पर दो महीने के अंदर होगी कर्मचारियों की तैनाती
- एनएचएआई के अधिकारियों ने टोल अधिकारियों के पास भेजा पत्र
- टोल के आसपास फौजियों की गाड़ी को जाम से भी दिलाई जाएगी निजात
महबूब अली
रोहतक।
अब हरियाणा के सभी टोल पर विभागीय कर्मचारी फौजियों को सलामी देते नजर आएंगे। दो महीने के अंदर कर्मचारियों की तैनाती की जानी है। इस संबंध में नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने सभी टोल अधिकारियों के पास पत्र भेजकर आवश्यक दिशा=निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं। इसके पीछे फौजियों का मनोबल बढ़ाने का मकसद है।
मकड़ौली टोल चीफ जनरल मैनेजर सदानंद सिंह चौहान ने बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों की ओर से पत्र भेजा गया है। इसमें लिखा है कि विभिन्न टोल से होकर गुजरने वाली फौजियों की गाड़ी को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देनी है। यही नहीं फौजियों का उत्साह भी बढ़ाना है। इसके लिए जल्द सभी टोल पर अलग से कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। ये कर्मचारी टोल से होते हुए गुजरने वाले फौजियों को सड़क किनारे खड़े होकर सलामी देंगे। यही नहीं जाम लगने पर उसे खुलवाया भी जाएगा। फौजियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। दो महीने के अंदर जल्द ही कर्मचारियों की तैनाती की जा सक ती है। खास बात यह रहेगी कि टोल पर तैनात नए कर्मचारियों को पहले ही ट्रेनिंग देकर विनम्र व्यवहार का पाठ पढ़ाया जाएगा, ताकि वह अन्य वाहन चालकों के साथ भी अभद्रता न करें।
फूल भी करेंगे भेंट
मैनेजर सदानंद सिंह चौहान ने बताया कि कर्मचारियों की तैनाती के बाद व्यवस्था की जाएगी कि फौजियों को कर्मचारी उपहार स्वरूप फूल भी भेंट करेंगे, ताकि फौजियों का उत्साहवर्धन हो। यही नहीं उन्हें पानी आदि पिलाने की भी व्यवस्था कराई जाएगी।
अवैध वसूली पर गिरेगी गाज
मैनेजर ने बताया कि सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि टोल पर किसी भी वाहन चालक से अवैध वसूली न की जाए। यदि कोई अवैध रूप से वसूली करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मातहतों को इस संबंध में बैठक लेकर निर्देशित किया जा चुका है।