फोटो सहित........
अब वोटर से सीधे रूबरू होगा चुनाव आयोग
- निर्वाचन आयोग ने जारी किए दिशा-निर्देश, सर्वे में दर्ज किए जाएं मोबाइल नंबर व ई-मेल
- बूथ लेवल पर होगा डाटा तैयार, पूरे परिवार का किया जाएगा ब्योरा दर्ज
- 15 दिसंबर तक एकत्रित किया जाएगा डाटा
- जिले में साढ़े 7 लाख मतदाता, 3 लाख 85 हजार पुरुष तो 3 लाख 31 हजार महिला वोटर
- चारों विधानसभा में 763 बीएलओ की लगाई ड्यूटी
विजेंद्र कौशिक।
रोहतक।
आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग वोटर से सीधे ही रूबरू होगा। चुनाव आचार संहिता से लेकर मतदान को लेकर सावधानी व नियमों को सीधे ही एसएमएस या ईमेल करके मतदाता को बताया जाएगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने जिला स्तर पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन विभाग के मुताबिक आयोग के पत्र के आधार पर एक्सपर्ट से एक रजिस्टर तैयार करवाया गया, जिसके तहत 500 पेज का एक रजिस्टर बनाया गया। एक पेज पर एक फॉरमेट बनाया गया है। बीएलओ मतदाता सूची के पुनर्निरीक्षण के दौरान प्रत्येक परिवार से बातचीत कर यह फोरमेट भरेगा। इसमें विधानसभा क्षेत्र नंबर, सेक्शन नंबर, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार में कितने सदस्य हैं। कौन सदस्य कहां रहता है। बूथ से बाहर कब गया। स्थायी तौर पर गया या अस्थाई तौर पर गया हुआ है। परिवार के किसी वयस्क सदस्य का देहांत तो नहीं हुआ।
प्रत्येक सदस्य का मोबाइल नंबर
बीएलओ सर्वे के दौरान प्रत्येक सदस्य का मोबाइल नंबर दर्ज करेगा। अगर सभी के पास नंबर है तो। परिवार के किसी एक सदस्य का ई-मेल पत्ता जरूर लिया जाएगा। यह भी पता लगाया जाएगा कि परिवार के लोग स्मार्ट फोन प्रयोग कर रहे हैं या आम मोबाइल फोन है।
15 दिसंबर तक करना होगा
जिला निर्वाचन विभाग के मुताबिक हर साल मतदाता सूची का पुनर्निरीक्षण किया जाता है। जिले में फिलहाल 763 बीएलओ इस कार्य में लगे हुए हैं। पहले मतदाता सूची की नई रिपोर्ट 30 नवंबर तक चंडीगढ़ भेजनी थी, लेकिन अब तिथि 15 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। क्योंकि बीएलओ को अब नया फॉरमेट भी भरना होगा।
महम में सबसे कम, रोहतक सिटी में सबसे ज्यादा महिला वोटर
जिले के अंदर चारों विधानसभा क्षेत्र में कुल 7 लाख 50 हजार के करीब मतदाता हैं, इसमें महम हलके में सबसे कम 1 हजार पुरुषों के अनुपात में 830 महिला मतदाता हैं। जबकि रोहतक सिटी में अनुपात एक हजार पुरुष मतदाताओं के मुकाबले 921 महिला मतदाता का है। जबकि गढ़ी सांपला-किलोई हलके में 838 व कलानौर हलके में 852 का अनुपात है। खास बात यह है कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला किलोई में सबसे ज्यादा 87 हजार मतदाता हैं।
वर्जन
मतदाता सूची के पुनर्निरीक्षण का काम चल रहा है, जिसके तहत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में 763 बूथ में एक-एक बीएलओ लगाया हुआ है। अब बीएलओ को 15 दिसंबर तक अपने बूथ से मतदाता का मोबाइल नंबर व ई-मेल पता भी दर्ज करना है। इसके लिए स्पेशल रजिस्टर बनाया गया है। बीएलओ को यह रजिस्टर उपलब्ध भी करवा दिया गया है।
- संजय कुमार, सहायक निर्वाचन तहसीलदार