अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
चंडीगढ़ में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के बेटे द्वारा युवती से छेड़छाड़ एवं गुजरात में राहुल गांधी पर हमले के विरोध में बुधवार को युवा कांग्रेस ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का पुतला जलाया। युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव एवं जिलाध्यक्ष विपिन पंवार के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन में दर्जनों युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रीति यादव ने कहा कि एक ओर बीजेपी सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नाम पर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर बीजेपी के प्रदेश मुखिया का बेटा एक बेटी के अपहरण का प्रयास कर रहा है। यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने बराला के बचाव में आकर दिखा दिया है कि पार्टी बेटियों की सुरक्षा के लिए कितनी गंभीर है। वहीं गुजरात में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर किया गया हमला भी उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की घटना को लेकर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। इस अवसर पर रामौतार गुर्जर, मनोज यादव, दयाशंकर खोला, रघु यादव, संजय यादव, इंद्रजीत यादव, निखिल, लोकेश, संदीप, सोमबीर और जिला प्रभारी अंकुश जैन सहित दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
उधर, बावल में भी युवा कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का पुतला जलाया। इससे पूर्व छोटूराम चौक पर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर ईश्वर, दीपक रोहिल्ला, लखन, राजू, विपिन महलावत, सोनू, टीलू आदि मौजूद थे।