अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत अब गर्भवती महिलाओं को जांच एवं दवा के साथ मुफ्त भोजन भी दिया जाएगा। योजना का शुभारंभ बुधवार को नागरिक अस्पताल में शहर विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने किया। जानकारी मुताबिक यह व्यवस्था नागरिक अस्पताल के साथ सभी पांच सीएचसी एवं 13 पीएचसी में भी उपलब्ध होगी। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना का मूल उद्देश्य शिशु मृत्यु दर के साथ गर्भवती को स्वस्थ रखना है। वहीं सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि नागरिक अस्पताल में ही हर नौ तारीख को 200 से ज्यादा गर्भवती महिलाओं की जांच होती है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत गर्भवती को 50 रुपये की डाइट दी जाएगी। इसके तहत अलग-अलग प्रकार का खाना दिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. लाल सिंह, डॉ. अशोक सैनी, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा, डॉ. अर्चना, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. धर्मेंद्र कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।