जीटी रोड पर ट्रक-कार की टक्कर में घायल दो और ने तोड़ा दम
- कार में महिला समेत छह लोग थे सवार
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। खलीला मोड़ के पास सोमवार रात को हुए भीषण सड़क हादसे में घायल दो और ने दम तोड़ दिया। हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। मरने वाले दो सगे भाई व एक उनका समधी है। हादसे में घायल महिला समेत तीन को इलाज के लिए पानीपत अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां से प्राथमिक उपचार लेने के बाद परिजन घायलों को लेकर गाजियाबाद रवाना हो गए। मंगलवार को सिविल अस्पताल मेें दो समधियों के शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। जबकि तीसरे शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में हुआ।
उगांव बैहटा हाजीपुर, जिला गाजियाबाद, यूपी निवासी भगवानदास (49) अपनी सास सालापुर नोएडा निवासी संतोष को शुगर की दवा दिलवाने के लिए कार से कुरुक्षेत्र गया था। कार में उसके साथ उसका भाई लखीचंद (55) व समधी वेदपाल (46) के अलावा दोस्त हरपाल व विजेंद्र निवासी गाजियाबाद भी साथ थे। सोमवार रात को ये लोग दवाई लेकर वापस लौट रहे थे। खलीला मोड़ के पास ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि भगवानदास की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल में डाक्टरों ने वेदपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि लखीचंद की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक रेफर कर दिया था। लखीचंद की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल हरपाल, विजेंद्र व संतोष का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा था। सूचना के बाद पहुंचे परिजन घायलों को अपने साथ गाजियाबाद ले गए। थाना समालखा पुलिस ने मंगलवार सुबह वेदपाल व भगवान दास के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच अधिकारी एएसआई सुरेश ने बताया कि वेदपाल व भगवानदास का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। ट्रक को कब्जे में लिया है। जबकि चालक फरार है। अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।