सरकार द्वारा जारी कोरोना मरीजों को होम आइसोलेशन की छूट संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ाने लगी है। शनिवार को एक दिन में 40 नये कोरोना मरीजों के साथ एक संक्रमित महिला मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 694 पहुंच गई है। 96 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं तो 192 मरीज होम आइसोलेशन पर हैं। पुराने मरीजों में 396 ठीक हो चुके हैं और अब जिले में 288 कोरोना के एक्टिव मरीज हैं।
स्वास्थ्य विभाग की कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए की गई किलेबंदी धीरे-धीरे ढह रही है। क्योंकि दिल्ली-गुुरुग्राम से आने वाले मामलों से अधिक केस इस समय मरीजों के संपर्क में आने वाले हैं। इसके अलावा कम्यूनिटी स्प्रैड न होने की बात कहने वाले विभाग के आंकड़ों में रोजाना कई केस ऐसे मिल रहे हैं, जिनके संक्रमित होने का कारण ही नहीं पता है। वर्तमान में मिल रहे नये संक्रमित मरीजों के आंकड़ों को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि एक माह बाद कोरोना के मरीजों की संख्या कितने गुणा अधिक होगी।
जिले की दसवीं मौत के संक्रमण का कारण पता नहीं
कलानौर की 68 साल की कोरोना संक्रमित महिला की मौत के साथ ही जिले में कोरोना मृतकों की संख्या 10 पहुंच गई है। महिला के परिजनों ने बताया कि मरीज को सांस लेने में समस्या थी। परिवार के बाकी लोग अभी ठीक हैं और जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है, लेकिन यह पता नहीं चल पा रहा कि संक्रमण कहां से आया है। महिला सिर्फ सब्जी वगैरह लेने के लिए ही घर से बाहर निकलती थी, इसके अलावा बुजुर्ग महिला कहीं नहीं गई।
स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन से सख्ती करने की अपील की
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से अपील की है कि वह कंटेनमेंट जोन को बढ़ाने के अलावा सख्ती करे। इसमें पुलिस प्रशासन को सख्ती से कहा जाए कि संक्रमित लोगों की मूवमेंट को रोका जाए। महज सेल्फ डिक्लेयरेशन के भरोसे होम आइसोलेशन में मरीजों को छोड़ना सही नहीं है। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग को सूचनाएं मिलती रहती है कि संक्रमित मरीज घर के बाहर आते हैं और सायं-देर सायं घूमते हैं। इसी का परिणाम है कि घर में होम आइसोलेशन के पीरियड में अन्य लोग संक्रमित हो रहे हैं। जिले के कोविड 19 नोडल अधिकारी डॉ. राजबीर सभरवाल ने बताया कि प्रशासन को पत्र लिखा गया है कि कंटेनमेंट जोन का क्षेत्र बढ़ा कर सख्ती की जाए। क्योंकि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों के कांटेक्ट के नये मरीज सामने आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन संक्रमितों की मूवमेंट को रोकने के लिए सख्ती करें।