रोहतक। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की सूचना के आधार पर वीरवार को आईएमटी थानाक्षेत्र में पुलिस और खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने काला बाजारी के लिए 40 सिलिंडर जब्त किए हैं। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर चालक मुनेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते के उप निरीक्षक कर्मबीर सिंह ने सूचना दी कि उप निरीक्षक पवन कुमार और खाद्य एवं पूर्ति विभाग सांपला ने 14 नवंबर को टाटा की एक गाड़ी कुछ घरेलू सिलिंडर लेकर काला बाजारी के लिए जा रहा है। अगर जांच करके रोका जाए तो उसे जब्त किया जा सकता है। दोनों विभाग के अधिकारियों ने टीम बनाकर खरावड़ स्थित शिरडी साई मंदिर के पास गाड़ी को नाकाबंदी करके रोका और पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि घरेलू गैस सिलिंडर को काला बाजारी के लिए लेकर जा रहे हैं। हालांकि उनके पास कोई कागज आदि नहीं मिला। यह सिलिंडर जींद रोड स्थित भीम गैस एजेंसी से लेकर आया था। सांपला में संजय के पास लेकर जा रहा था। इस गाड़ी से पहले भी कालाबाजारी करते हुए शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने भी पकड़ा था। अब फिर से काला बाजारी करने के लिए सिलिंडर को लेकर जा रहे थे।