रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित एचटेट (हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा) रविवार को दूसरे दिन भी शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के प्रात:कालीन सत्र में लेवल टू की टीजीटी के 4229 में से 3818 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसमें 414 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सायंकालीन सत्र में लेवल वन की पीआरटी के 1808 में से 1635 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसमें 173 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर पुलिस व प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिला शिक्षा अधिकारी भी अपनी टीम के साथ निरीक्षण पर रही।
एचटेट के लिए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए। इन्हें दस बजे शुरू होने वाली प्रात:कालीन सत्र की परीक्षा के लिए नौ बजे के बाद प्रवेश दिया गया। इसके बाद साढ़े बारह बजे तक परीक्षा चली। इसी तरह सायंकालीन सत्र में दोपहर तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक परीक्षा हुई। दोनों परीक्षाएं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न होने का दावा किया गया है। निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए पुलिस अलर्ट रही। प्रशासनिक अधिकारियों के उड़न दस्ते भी हरकत में नजर आए।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की लंबी कतार लगी रही। इन्हें कड़ी जांच पड़ताल के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। इस दौरान उन्हें केवल अनुक्रमांक, पहचान पत्र व पेन ही परीक्षा केंद्र में ले जाने दिया गया। अभ्यर्थियों को सभी तरह के आभूषण व उपकरण बाहर ही छोड़ने पड़े। इसके लिए पुलिस टीम ने अलग से जांच की व्यवस्था की थी। नव विवाहिताओं को भी जांच के कड़े पहरे से गुजरना पड़ा। किसी को भी छूट नहीं दी गई।
भीड़ से चरमराई यातायात व्यवस्था
परीक्षा समाप्त होते ही शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। अभ्यर्थियों व उनके परिजनों के वाहनों की भीड़ के कारण सड़क जाम हो गई। शहर में आंबेडकर चौक से दिल्ली बाईपास तक वाहन रेंगते हुए निकले। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के सड़क से हटने के बाद यातायात व्यवस्था पटरी पर लौटी। इससे पूर्व करीब पौने घंटे तक यातायात पुलिस को व्यवस्था बनाने में माथा पच्ची करनी पड़ी।
पुलिस का रहा कड़ा पहरा
एचटेट कड़ी सुरक्षा व निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई। रविवार को सुबह के सत्र में 14 केंद्रों व शाम को 6 केंद्रों में परीक्षा का आयोजन किया गया। दोनों सत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जवान चौराहों व केंद्रों के बाहर मुस्तैद रहे। सभी राजपत्रित अधिकारी व संबंधित प्रभारी थाना/चौकी अपने एरिया के परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे।
-----
एचटेट निष्पक्ष व शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई। कहीं किसी तरह की कोई गड़बड़ी या शिकायत नहीं आई है। रविवार को सुबह के सत्र में 4229 में से 414 व शाम के सत्र में 1808 में से 173 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का परिणाम बोर्ड की ओर से जारी किया जाएगा।
- डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल, जिला शिक्षा अधिकारी।
-----
ड्राफ्ट उत्तर कुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड
बोर्ड कार्यालय ने 18 व 19 दिसंबर को हुई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-3 (पीजीटी) से संबंधित सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तर कुंजी बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपलोड कर दी गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रश्न-पत्र बुकलेट में दिए गए किसी भी प्रश्न या उत्तर कुंजी में दिए गए किसी भी प्रश्न के उत्तर (विकल्प) के बारे में कोई आपत्ति हो तो इस संबंध में पूर्ण तथ्यों/प्रमाणों सहित 20 से 24 दिसंबर सायं 5 बजे तक निर्धारित शुल्क 1000 रुपये प्रति प्रश्न जमा कराते हुए अपनी आपत्ति ऑनलाइन बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करा सकते हैं। यदि किसी प्रश्न के संबंध में दर्ज कराई गई आपत्ति सही पाई जाती है तो ऐसी स्थिति में उस प्रश्न के लिए जमा शुल्क अभ्यर्थी को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद वापस कर दिया जाएगा। इस संबंध में 24 दिसंबर के बाद मिली आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
- प्रो. (डॉ.) जगबीर सिंह, अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड